Loading...

NDPS / चिट्टा तस्करी के आरोपी की पांच शेडनुमा दुकानों पर चला बुलडोजर

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

NDPS / रोहड़ू पुलिस ने चिट्टा तस्करी के आरोपी शशि नेगी उर्फ शशि महात्मा के खिलाफ कार्रवाई करते हुए लंबा खाटल में उसकी पांच शेडनुमा दुकानों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। मंगलवार को स्थानीय प्रशासन के सहयोग से की गई इस कार्रवाई को नशा तस्करी से जुड़े आरोपियों की संपत्तियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा माना जा रहा है।

शिमला/रोहड़ू

शशि नेगी उर्फ शशि महात्मा रोहड़ू उपमंडल की सीमा पंचायत के बिजौरी रंटाड़ी गांव का निवासी है। पुलिस ने उसे सितंबर 2024 में चिट्टा तस्करी के एक बड़े मामले में गिरफ्तार किया था। जांच में उसका कथित नेटवर्क रोहड़ू, चिड़गांव, जुब्बल, कोटखाई और ठियोग समेत शिमला जिले के कई क्षेत्रों में फैला होने की बात सामने आई थी। इसके तार दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और जम्मू-कश्मीर से जुड़े होने की जानकारी भी जांच में मिली थी।

468 ग्राम चिट्टा बरामदगी से जुड़ा था कथित नेटवर्क

पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने 19 सितंबर 2024 को कोटखाई में जम्मू-कश्मीर निवासी मुद्दसीर अहमद मोची को गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से करीब 468 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ था, जिसकी कीमत लगभग 18 लाख रुपये आंकी गई थी। मामले की जांच के दौरान इस खेप के शशि महात्मा के कथित नेटवर्क से जुड़े होने का खुलासा हुआ था। अब पुलिस ने स्थानीय प्रशासन के सहयोग से लंबा खाटल स्थित पांच शेडनुमा दुकानों को गिराने की कार्रवाई की है।

Related Topics: •