NDPS / 1 किलो 254 ग्राम चरस मामले में तीसरा आरोपी नगरोटा बगवां से गिरफ्तार
NDPS : कांगड़ा जिले की भवारना पुलिस ने 1 किलो 254 ग्राम चरस की बरामदगी से जुड़े मामले में तीसरे आरोपी को नगरोटा बगवां से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पहले पकड़े गए दो आरोपियों से पूछताछ और नशे के नेटवर्क की कड़ियां खंगालने के बाद उसका नाम सामने आया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 29 के तहत कार्रवाई की गई है।
कांगड़ा/भवारना
कांगड़ा पुलिस की सीआईए टीम ने 27 अगस्त को गुप्त सूचना के आधार पर भवारना थाना क्षेत्र के परौर रेलवे स्टेशन के पास एक गाड़ी को जांच के लिए रोका था। तलाशी के दौरान गाड़ी में सवार दो लोगों के कब्जे से 1 किलो 254 ग्राम चरस बरामद हुई थी। मौके पर गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीप कुमार (32), निवासी बालकरूपी, जोगिंद्रनगर और काली राम (28), निवासी दुमाण, पधर के रूप में हुई थी। दोनों आरोपी मंडी जिले के रहने वाले हैं।
पूछताछ में सामने आया तीसरे आरोपी का नाम
भवारना पुलिस मामले की जांच के दौरान यह पता लगाने में जुटी थी कि चरस की खेप कांगड़ा में किसे दी जानी थी। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में नगरोटा बगवां के बलधर निवासी शनौकरी उर्फ शौंकी उर्फ रौकी (32) का नाम कथित सप्लायर या रिसीवर के रूप में सामने आया। इसके बाद पुलिस ने उसे नगरोटा बगवां से गिरफ्तार कर लिया। एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।