NDPS / राजगढ़ में कार से 4.80 ग्राम चिट्टा बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार
NDPS : सिरमौर जिले के राजगढ़ क्षेत्र में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4.80 ग्राम चिट्टा बरामद कर उनके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
सिरमौर/राजगढ़
पुलिस को गश्त के दौरान गुप्त सूचना मिली थी कि शुभम ठाकुर निवासी गांव चुन्नी, डाकघर एवं तहसील राजगढ़ अपने दो साथियों विवेक चौहान और मिथुन आर्य के साथ एक कार में चिट्टा लेकर गिरिपुल-सोलन क्षेत्र से राजगढ़ की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संदिग्ध वाहन की तलाश शुरू कर दी।
वाहन की तलाशी में मिला चिट्टा
डिटेक्शन सेल राजगढ़ की टीम ने कोटली क्षेत्र में नाकाबंदी कर वाहन नंबर HP 63-3060 को जांच के लिए रोका। तलाशी के दौरान पुलिस ने तीनों आरोपियों के कब्जे से कुल 4.80 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद किया। बरामदगी के बाद आरोपियों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना राजगढ़ में नारकोटिक्स ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। मामले में यह पता लगाने के लिए जांच जारी है कि आरोपी मादक पदार्थ कहां से लेकर आए थे और इसे किसे सप्लाई किया जाना था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।