NEET / एनटीए ने जारी की प्रोविजनल आंसर-की, 28 जून तक दर्ज करें ऑनलाइन आपत्तियां
NEET : नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने री-नीट यूजी 2026 परीक्षा की प्रोविजनल आंसर-की जारी कर दी है। अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपने प्रश्न पुस्तिका सीरीज कोड के अनुसार आंसर-की देख सकते हैं और यदि किसी उत्तर पर आपत्ति है तो 28 जून रात 11:50 बजे तक निर्धारित शुल्क के साथ ऑनलाइन आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।
नई दिल्ली
प्रोविजनल आंसर-की जारी
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 21 जून को आयोजित री-नीट यूजी 2026 परीक्षा की प्रोविजनल आंसर-की जारी कर दी है। अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपने प्रश्न पुस्तिका सीरीज कोड के अनुसार आंसर-की देख सकते हैं। इसके साथ ही उत्तरों पर ऑनलाइन आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
28 जून तक दर्ज कर सकते हैं आपत्तियां
एनटीए के अनुसार अभ्यर्थी 25 जून से 28 जून रात 11:50 बजे तक ऑनलाइन आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। प्रत्येक प्रश्न पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए 200 रुपये का प्रोसेसिंग शुल्क निर्धारित किया गया है। यदि विशेषज्ञ समिति किसी आपत्ति को सही पाती है, तो संबंधित प्रश्न के लिए जमा की गई शुल्क राशि वापस कर दी जाएगी। एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि उम्मीदवार केवल अपनी प्रश्न पुस्तिका के सीरीज कोड से संबंधित प्रश्नों पर ही आपत्ति दर्ज करें।
ऐसे चेक करें प्रोविजनल आंसर-की
री-नीट यूजी 2026 की आंसर-की देखने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जाएं। इसके बाद प्रोविजनल आंसर-की के लिंक पर क्लिक करें। अब अपनी प्रश्न पुस्तिका का सीरीज कोड चुनें और संबंधित आंसर-की डाउनलोड करके उत्तरों से मिलान करें।
ऐसे दर्ज कराएं आपत्तियां
यदि किसी उत्तर पर आपत्ति दर्ज करनी है, तो उम्मीदवार वेबसाइट पर लॉगिन करें और अपनी प्रश्न पुस्तिका का सीरीज कोड दर्ज करें। इसके बाद संबंधित प्रश्न का चयन कर उसके समर्थन में प्रमाण अपलोड करें। एनटीए ने सलाह दी है कि प्रमाण के रूप में एनसीईआरटी या अन्य मान्यता प्राप्त शैक्षणिक स्रोतों का उपयोग किया जाए। सभी विवरण जांचने के बाद प्रति प्रश्न 200 रुपये का शुल्क डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड या नेट बैंकिंग के माध्यम से जमा करना होगा। आवेदन जमा होने के बाद उसमें संशोधन की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी।
पारदर्शिता के लिए अपनाई गई व्यवस्था
इस बार एनटीए ने ओएमआर शीट की स्कैनिंग पूरी होने से पहले ही प्रोविजनल आंसर-की जारी की है। एजेंसी के अनुसार इसका उद्देश्य अभ्यर्थियों को समय रहते उत्तरों की जांच करने और संभावित त्रुटियों पर आपत्ति दर्ज कराने का अवसर उपलब्ध कराना है। इससे विशेषज्ञ समिति आपत्तियों की समीक्षा और ओएमआर मूल्यांकन की प्रक्रिया समानांतर रूप से पूरी कर सकेगी।
ओएमआर शीट बाद में होगी उपलब्ध
एनटीए ने बताया है कि फिलहाल केवल प्रोविजनल आंसर-की जारी की गई है। उम्मीदवारों की स्कैन की गई ओएमआर रिस्पांस शीट स्कैनिंग प्रक्रिया पूरी होने के बाद अलग से उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि अभ्यर्थी अपने उत्तरों का विस्तृत मिलान कर सकें।