नेपाल की बाढ़ के बाद ऊना का इंजीनियर लापता, परिवार ने प्रशासन से मांगी मदद
नेपाल में आई बाढ़ के बाद ऊना जिले के इंजीनियर सुखविन्द्र सिंह से उनके परिवार का संपर्क नहीं हो पा रहा है। वह नेपाल के त्रिशुली हाईड्रो पावर प्रोजैक्ट-1 में कार्यरत हैं। परिवार ने जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और ऊना प्रशासन से संपर्क कर उनका पता लगाने में मदद मांगी है। परिजन भी वीरवार को ऊना से नेपाल के लिए रवाना हुए हैं।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
नगर परिषद मैहतपुर-बसदेहड़ा के वार्ड नंबर आठ निवासी 30 वर्षीय सुखविन्द्र सिंह पुत्र हुसन लाल पिछले कुछ समय से त्रिशुली हाईड्रो पावर प्रोजैक्ट-1 में इंजीनियर के रूप में तैनात हैं। परिवार के अनुसार, नेपाल में बुधवार को आई बाढ़ के बाद से उनसे कोई संपर्क नहीं हो पाया है। परिजन लगातार फोन और अन्य माध्यमों से संपर्क करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन अभी तक कोई जानकारी नहीं मिली है। इसके बाद परिवार ने संबंधित अधिकारियों से सहायता मांगी और सुखविन्द्र की तलाश के लिए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया।
परिवार ने ऊना सदर के पूर्व विधायक सतपाल सिंह रायजादा को भी मामले की जानकारी दी है। परिजनों ने उनसे प्रशासन और सरकार के स्तर पर हस्तक्षेप कर सुखविन्द्र का पता लगाने में मदद करने का अनुरोध किया। रायजादा ने कहा कि जिला प्रशासन को मामले से अवगत कराकर तलाश के प्रयास करने के लिए कहा गया है। उन्होंने शिमला जाकर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के समक्ष भी मामला रखने की बात कही है। सुखविन्द्र के रिश्तेदार सुनील कुमार के अनुसार, परिवार और जिला प्रशासन के स्तर पर संपर्क के प्रयास जारी हैं, लेकिन फिलहाल उनसे कोई संपर्क नहीं हो सका है।
