नौहराधार के चाढ़ना के पास कार खाई में गिरी, दो की मौत, एक घायल
Himachalnow / सिरमौर
जिला सिरमौर के नौहराधार क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। हादसा चाढ़ना के समीप उस समय हुआ जब एक स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। घायल व्यक्ति को अस्पताल भेजा गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
संगड़ाह/नौहराधार
जिला सिरमौर के नौहराधार क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। हादसा चाढ़ना के समीप उस समय हुआ जब एक स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस थाना संगड़ाह को फोन के माध्यम से सूचना मिली कि हरिपुरधार-नौहराधार मार्ग पर चाढ़ना के करीब एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। सूचना मिलते ही पुलिस चौकी हरिपुरधार से टीम मौके के लिए रवाना हुई।मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि स्विफ्ट कार नंबर एचपी (88 ए-6058)चाढ़ना से करीब एक किलोमीटर पीछे हरिपुरधार की ओर सड़क से लगभग 300 मीटर नीचे ढांक में गिरी हुई थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे के समय कार में तीन लोग सवार थे।
हादसे में गुलशन, निवासी कोनमैजरा, जिला सिमडेगा, झारखंड और नरेश, निवासी कुलग, तहसील कुपवी, जिला शिमला की मौत हो गई। वहीं कार चालक विपिन, निवासी चितराल, डाकघर धियाना, तहसील फतेहपुर, जिला कांगड़ा घायल हो गया। उसे उपचार के लिए नौहराधार अस्पताल भेजा गया है।पुलिस मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी रही। मृतकों को खाई से निकालने की कार्रवाई की गई और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।पुलिस मामले की जांच कर रही है।