Himachalnow News

  • धनतेरस और दिवाली को लेकर ग्राहकों से गुलजार हुए नाहन के बाजार, जमकर कर रहे खरीदारी

    धनतेरस और दिवाली को लेकर ग्राहकों से गुलजार हुए नाहन के बाजार, जमकर कर रहे खरीदारी

    HNN/ नाहन

    धनतेरस और दीपावली पर्व को लेकर इस बार लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। तो वहीं दूसरी तरफ जिला मुख्यालय नाहन में भी दीपावली से 1 दिन पूर्व लोगों की भारी भीड़ देखी गई। रविवार को धनतेरस और छुट्टी का दिन होने के चलते भारी संख्या में लोग खरीदारी करने के लिए नाहन बाजार में पहुंचे। कपड़ों, गहनों सहित गिफ्ट शॉप में लोगों की जगह-जगह भीड़ देखी जा रही है।

    जिला मुख्यालय के साथ सटे ग्रामीण इलाकों के लोग भी रविवार को भारी संख्या में खरीदारी करते हुए दिखाई दिए। इस दौरान धनतेरस के मौके पर किसी ने सोने-चांदी के आभूषण खरीदे, किसी ने नए वाहन तो किसी ने बर्तन की खरीदारी की। धनतेरस पर इलाके के लोगों ने गणेशजी, लक्ष्मीजी की मूर्तियां समेत कलश, बर्तन और अन्य सामानों की जमकर खरीदारी की। लोगों ने अपने घरों को सजाने की सामग्री की भी जमकर खरीदारी की।

    वहीं दूसरी ओर दुकानदारों ने दीपावली, गोवर्धन, भैया-दूज पर्व के मौके पर दुकानों को विशेष रूप से सजाया है। हिंदू आश्रम, दिल्ली गेट, बड़ा चौक बाजार में लोग दिवाली के लिए भी घरों के साज-सजावट के सामान की खरीदारी करते दिखाई दिए। उधर, गणेश-लक्ष्मी की मूर्तियां 40 से लेकर 900 रुपये तक बिक रही है।

    वहीं, चिकनी मिट्टी से बनी मूर्तियां 40 रुपये से शुरू होकर 300 रुपये तक बिक रही हैं। मिट्टी की मूर्तियों को प्राकृतिक रंगों से रंगा गया है। इसमें भी छोटे से लेकर बड़ी मूर्तियां उपलब्ध हैं। वहीं, मिट्टी के अलावा पीतल और चांदी की मूर्तियां भी लोग खरीद रहे हैं।

  • लोकतंत्र के महापर्व में महत्वपूर्ण है चौथे स्तंभ की भूमिका- डॉ निपुण जिंदल

    लोकतंत्र के महापर्व में महत्वपूर्ण है चौथे स्तंभ की भूमिका- डॉ निपुण जिंदल

    HNN / धर्मशाला

    आदर्श चुनाव संहिता के सफल क्रियान्वयन हेतु लोकतंत्र के चौथे स्तंभ एवं मीडिया की भूमिका महत्वपूर्ण है। चुनावों के दौरान मीडिया की भूमिका और दायित्वों पर आयोजित कार्यशाला एवं परिचर्चा में पत्रकारों को संबोधित करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त कांगड़ा डॉ. निपुण जिंदल ने यह शब्द कहे। आदर्श चुनाव संहिता के दौरान पेड न्यूज, फेक न्यूज, मीडिया प्रमाणन एवं चुनावी विज्ञापनों का पूर्व प्रमाणन विषयों पर जिला निर्वाचन अधिकारी ने अपने विचार रखते हुए नियमों की जानकारी दी।

    तत्पश्चात पत्रकारों की जिज्ञासाओं और प्रश्नों का समाधान करते हुए संबंधित विषयों पर मुक्त चर्चा की गई। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. निपुण जिंदल ने कहा कि चुनावों के दौरान मीडिया की जिम्मेदारी कईं गुणा बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि चुनावों के समय में लोगों को मतदान के लिए प्रेरित कर जनता तक सही जानकारी पहुंचाना मीडिया का परम कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि चुनावों के समय में किसी भी जानकारी या समाचार को प्रसारित करने से पहले उसकी सत्यता को अवश्य जांच लें।

    इस हेतु आदर्श चुनाव संहिता एवं मीडिया प्रमाणन नियमों की जानकारी पत्रकारों को आवश्य होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मीडिया ने सदैव अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए प्रशासन का सहयोग किया है। चुनावों के दौरान भी प्रशासन को मीडिया कर्मियों से ऐसी अपेक्षा रहेगी। इसके बाद मतदाता जागरुकता को लेकर जिला भर में चलाए जा रहे कार्यक्रमों के बारे जिला निर्वाचन अधिकारी ने विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार स्वीप गतिविधियों के माध्यम से पूरे जिले में मतदाताओं को जागरुक करने हेतु विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं।

    इनमें विभिन्न शिक्षण संस्थानों में चुनावों संबंधित प्रतियोगिताएं, मतदाता जागरुकता कैंप, दिव्यांगजनों हेतु मतदान की उचित व्यवस्था, विभिन्न उपमंडलों में जाकर वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान, नए मतदाताओं का पंजीकरण, हस्ताक्षर अभियान, मतदान हेतु शपथ, गीत-संगीत, कार्टूनस् एवं सोशल मीडिया के माध्यम से मतदाताओं को जागरुक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिला कांगड़ा में अधिक से अधिक मतदान हो और लोग अपने मताधिकार का उपयोग करें इसी उद्देश्य से इन सभी गतिविधियों को करवाया जा रहा है।

  • लाइसेंस एवं अनुमति प्राप्त पटाखा विक्रेता बेच सकेंगे पटाखे, नियमो के विरुद्ध…

    लाइसेंस एवं अनुमति प्राप्त पटाखा विक्रेता बेच सकेंगे पटाखे, नियमो के विरुद्ध…

    HNN / चंबा

    उपमंडल दंडाधिकारी चंबा अरुण शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि दीपावली पर्व केे मद्देनजर किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचाव और जन सुरक्षा के दृष्टिगत उपमंडल चंबा के तहत पटाखों की ब्रिकी चिन्हित स्थान पर ही की जायेगी। इसके अंतर्गत विस्फोटक नियम 2008 के नियम 84 के तहत प्रत्यायोजित शक्तियों का प्रयोग करते हुए आदेश जारी किए गए हैं।

    जारी आदेश के अनुसार पटाखों की ब्रिकी के लिए जिला मुख्यालय के पुलिस ग्राउंड बारगाह, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला करिंया व राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पुखरी के खेल मैदान और उप तहसील धरवाला स्थित चूड़ी पुल जीरो पॉइंट ग्राउंड को चिन्हित किया गया है।

    उन्होंने यह भी बताया कि लाइसेंस एवं अनुमति प्राप्त पटाखा विक्रेता ही उक्त स्थानों पर पटाखे बेच सकेगें तथा चिन्हित स्थानों के अतिरिक्त अन्य स्थानों पर पटाखों की बिक्री प्रतिबंधित रहेगी और इसकी अनुपालना न करने वालों के विरूद्ध कानूनी कार्यवाही अमल में लाई जायेगी।

  • Surya Grahan 2022: दिवाली के अगले दिन लग रहा साल का आखिरी सूर्य ग्रहण, इस दिन न करें यह काम…

    Surya Grahan 2022: दिवाली के अगले दिन लग रहा साल का आखिरी सूर्य ग्रहण, इस दिन न करें यह काम…

    HNN/ शिमला

    साल 2022 का आखिरी सूर्य ग्रहण दिवाली के अगले दिन यानी मंगलवार 25 अक्तूबर 2022 को लगेगा। पंचांग के मुताबिक़, इस बार दिवाली 24 अक्तूबर को है और 25 अक्तूबर को सूर्य ग्रहण लगेगा। 26 अक्तूबर को गोवर्धन पूजा होगी। इस प्रकार यह दुर्लभ संयोग कई सालों बाद बनने जा रहा है। यह आंशिक ग्रहण होगा जिसे देश के कई हिस्सों में देखा जा सकेगा।

    यह साल का दूसरा और आखिरी सूर्य ग्रहण होगा इससे पहले 30 अप्रैल 2022 को सूर्य ग्रहण लगा था। खगोल वैज्ञानिकों के अनुसार यह सूर्य ग्रहण देश उत्तरी और पश्चिमी भागों में दिखाई देगा। वहां अगर भारत के अलावा दूसरे देशों की बात करें तो यह सूर्य ग्रहण यूरोप, उत्तरी अफ्रीका और पश्चिम-पूर्व एशिया में देखा जा सकेगा। 25 अक्तूबर को शाम करीब 4 बजकर 30 मिनट पर सूर्य ग्रहण दिखाई देने लगेगा।

    25 अक्तूबर को सूतक काल रहेगा प्रभावी
    सूर्य ग्रहण का सूतक काल 12 घंटे पूर्व आरंभ हो जाता है। इस हिसाब से 24 अक्तूबर की मध्यरात्रि से ही सूतककाल आरंभ हो जाएगा। सूतक काल का समय दिवाली की रात यानी 24 अक्तूबर की रात को 02:30 बजे से शुरू हो होगा जो अगले दिन 25 अक्तूबर की सुबह 04: 22 बजे समाप्त होगा। ज्योतिषशास्त्रियों के अनुसार दीपावली पर 27 साल बाद सूर्य ग्रहण का साया पड़ रहा है। इससे पूर्व 1995 में दीपवाली के दिन सूर्य ग्रहण पड़ा था।

    सूर्य ग्रहण के दौरान न करें यह काम
    सूर्य ग्रहण के समय कोई भी शुभ कार्य नहीं किया जाता है, क्योंकि सूर्य ग्रहण के दौरान नकारात्मक ऊर्जा में वृद्धि हो जाती है।
    सूर्य ग्रहण के दौरान सुई में धागा नहीं डालना चाहिए।
    सूर्य ग्रहण के दौरान ना तो भोजन पकाना चाहिए और नही भोजन करना चाहिए।
    सूर्य ग्रहण के दौरान काटने-छीलने का काम नहीं करना चाहिए।
    सूर्य ग्रहण के दौरान खासतौर पर गर्भवती महिलाएं भूलकर भी चाकू-कैंची या किसी भी धारदार चीज का इस्‍तेमाल न करें।
    ग्रहण के दौरान यात्रा करने से बचना चाहिए।

  • विद्युत परिषद के कैश काउंटर अब नहीं होंगे बंद

    विद्युत परिषद के कैश काउंटर अब नहीं होंगे बंद

    HNN / मंडी

    हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत परिषद लिमिटेड उपमंडल साइगलु के अंतर्गत आने वाले विद्युत कैश काउंटर सदियाना, सलेतर, घेरू तथा भरगाँव बंद नहीं किए जायेगे। सहायक अभियन्ता विद्युत उपमंडल साइगलु ई. हुकम चंद ने बताया कि उपभोक्ताओं को अपने बिजली के बिलों को जमा करवाने में कोई असुविधा न हो इसके लिए इन कैश काउंटर को बंद नहीं किया जा रहा है।

    यह कैश काउंटर पहले की भांति कार्य करते रहेंगे। इन कैश काउंटर पर पूर्व निर्धारित तिथि को विभाग के कर्मचारी कैश लेने के लिए उपस्थित रहेंगे। हुकम चंद ने बताया कि सदियाना और घेरू के बिल 27 अक्तूबर को सदियाना और घेरू में तथा सेलतर और भरगांव के बिल 28 अक्तूबर को सलेतर और भरगांव में पूर्व निर्धारित स्थानों पर ही विभाग के कर्मचारियों द्वारा प्राप्त किए जाएंगे।

  • स्टार ऑफ देवभूमि 2022 सहित तीन खिताब रहे जिला के नाम

    स्टार ऑफ देवभूमि 2022 सहित तीन खिताब रहे जिला के नाम

    HNN/ कुल्लू

    देवभूमि हिम कला मंच शिमला द्वारा ऐतिहासिक गेयटी थिएटर शिमला में हुनरबाज़ हिमाचल 2022 का आयोजन किया गया। इसमें कुल्लू की युवा कवयित्री व रामायण वायरल टीचर वैशाली बिष्ट तथा शिक्षक अमित महंत को स्टार ऑफ देवभूमि सम्मान से नवाजा गया।

    इसके साथ ही अपनी संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए करवाए गए ट्रेडिशनल मॉडलिंग प्रतियोगिता में वैशाली बिष्ट ने पूरे हिमाचल के प्रतिभागियों को पछाड़ ताज़-ए-देवभूमि का खिताब कुल्लू के नाम किया।

    इस आयोजन में शिक्षक अमित महंत को बतौर विशेष अतिथि बुलाया गया था तथा साथ ही इनके कार्यों के लिए इन्हें स्टार ऑफ देवभूमि खिताब से सम्मानित किया गया। देवभूमि हिम कला मंच अपनी संस्कृति तथा हिमाचल के उभरते कलाकारों को एक मंच देने का बेहतरीन कार्य करते हैं।

  • स्वास्थ्य विभाग ने भरे मिठाइयों के दस सैंपल, जाँच के लिए प्रयोगशाला भेजे

    स्वास्थ्य विभाग ने भरे मिठाइयों के दस सैंपल, जाँच के लिए प्रयोगशाला भेजे

    HNN/ चंबा

    त्योहारी सीजन के चलते स्वास्थ्य विभाग ने शहर और परेल सहित अन्य आसपास के इलाकों में दबिश दी। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक आनंद की अगुवाई में स्वास्थ्य टीम ने सपड़ी मोहल्ला, परेल और अन्य इलाकों में दुकानों का निरिक्षण किया और सैंपल भरे। इस दौरान टीम ने मिल्क केक, चमचम, बर्फी, गुलाब जामुन और काजू कतरी मिठाई के दस सैंपल भरे।

    अब इन सैंपलों को जांच के लिए कंडाघाट स्थित विभाग की प्रयोगशाला में भेजा जाएगा। जहां पर मिठाइयों की गुणवत्ता जांची जाएगी। वहीँ, विभाग ने दुकानदारों को सख्त आदेश दिए कि वे त्योहारी सीजन में बासी और मिलावट वाली मिठाई न बेचें। मिठाई के निर्माण में रंगों का कम से कम इस्तेमाल करें। मिठाई के ऊपर उसके बनाने की तिथि को भी जरूर अंकित करें।

  • नशे की खेप के साथ नूरपुर का युवक गिरफ्तार

    नशे की खेप के साथ नूरपुर का युवक गिरफ्तार

    HNN / चम्बा

    जिला चम्बा के प्रवेश द्वार तुनुहट्टी में पुलिस ने एक युवक को नशे की खेप के साथ गिरफ्तार किया है। युवक की पहचान 35 वर्षीय नरेश सिंह निवासी वरंडा, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार पुलिस टीम एएसआई राकेश कुमार की अगुवाई में रात को नाके पर थी। इस दौरान चम्बा की तरफ से करीब 10 बजे एक राहगीर यहां से गुजरा।

    पुलिस को देख उक्त युवक घबरा गया। पुलिस ने जब शक के आधार पर उसकी तलाशी ली तो उसके कब्जे से 206 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस टीम ने आरोपी को मौके से हिरासत में लिया और उसके खिलाफ पुलिस थाना चुवाड़ी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।

    उधर, डीएसपी डल्हौजी हेमंत ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि नशे के कारोबारियों पर पुलिस की कड़ी नजर है तथा ऐसे लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।

  • राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मंगलौर में समावेशी कार्यशाला आयोजित

    राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मंगलौर में समावेशी कार्यशाला आयोजित

    HNN/ कुल्लू

    एडीएचपीएल मनाली द्वारा प्रायोजित साम्फ़िया फ़ाउंडेशन के आश बाल विकास केंद्र द्वारा समावेशी कार्यशाला का आयोजन वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मंगलौर में किया गया। इस दौरान वहाँ के अध्यापकों व छात्र-छात्रों को साम्फ़िया फ़ाउंडेशन द्वारा दिव्यांगता के क्षेत्र में दी जाने वाली सेवाओं के बारे में जानकारी दी।

    बीजू, कार्यक्रम प्रबंधक ने सभी को साम्फ़िया फ़ाउंडेशन द्वारा चलाई जा रही सभी गतिविधियों पर प्रकाश डाला और साथ ही जानकारी देते हुए बताया कि साम्फ़िया फ़ाउंडेशन दिव्यांगता के क्षेत्र में जागरूकता लाने के लिए एक विशेष कार्यक्रम चला रहा है जिसके तहत ज़िला के सभी शिक्षण संस्थानों, सार्वजनिक कार्यक्रमों एवं त्योहारों आदि में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने प्रस्तावित हैं।

    वहीँ साम्फ़िया फाउंडेशन के फिजियोथेरेपिस्ट डॉ.सोनू ठाकुर ने सभी को विभिन्न तरह की थेरेपी सेवाओं जैसे फिजियोथेरेपी, ऑक्यूपेशनल थेरेपी, स्पीच थेरेपी एवं स्पेशल एजुकेशन के विषय में जानकारी दी और साथ में दिव्यांगता के प्रकारों के बारे भी जानकारी प्रदान की। दूसरे सत्र में आश बाल विकास केंद्र की धनेश्वरी ठाकुर ने अलग-अलग दिव्यांगता पर आधारित गतिविधियां कराई गई।

  • Narak Chaturdashi: पूजा विधि, शुभ मुहूर्त और जानिए छोटी दिवाली को क्यों कहते हैं नरक चतुर्दशी?

    Narak Chaturdashi: पूजा विधि, शुभ मुहूर्त और जानिए छोटी दिवाली को क्यों कहते हैं नरक चतुर्दशी?

    HNN / नाहन

    दीपावली की शुरुआत आज 23 अक्तूबर 2022 से हो चुकी है। दीपावली पांच दिनों का पर्व होता है, जिसकी शुरुआत धनतेरस से होती है। इसके बाद छोटी दिवाली और दीपावली मनाई जाती है। दिवाली के बाद गोवर्धन पूजा और भाई दूज का पर्व आता है। हालांकि इस बार छोटी दिवाली और दीपावली एक ही दिन मनाई जा रही है। 23 अक्तूबर की शाम 06 बजकर 03 मिनट से चतुर्दशी तिथि लगने के कारण छोटी दिवाली 23-24 अक्तूबर दो दिन मनाई जाएगी।

    छोटी दिवाली को रूप चौदस, नरक चौदस, रूप चतुर्दशी अथवा नरका पूजा के नामों से भी जाना जाता है। इस दिन मृत्यु के देवता यमराज और भगवान श्रीकृष्ण की पूजा का विधान है। रूप चौदस के दिन संध्या के समय दीपक जलाए जाते हैं और चारों ओर रोशनी की जाती है। नरक चतुर्दशी का पूजन अकाल मृत्यु से मुक्ति और स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए किया जाता है।

    एक पौराणिक मान्यता के अनुसार भगवान श्रीकृष्ण ने कार्तिक माह को कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी के दिन नरकासुर का वध करके देवताओं और ऋषियों को उसके आतंक से मुक्ति दिलवाई थी।

    नरक चतुर्दशी 2022 तिथि और शुभ मुहूर्त
    पंचांग के अनुसार, कार्तिक कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि की शुरुआत 23 अक्तूबर को शाम 06 बजकर 03 मिनट से हो रही है। वहीं चतुर्दशी तिथि का समापन 24 अक्तूबर को शाम 5 बजकर 27 मिनट पर होगा। ऐसे में उदया तिथि के अनुसार नरक चतुर्दशी 24 अक्तूबर को मनाई जाएगी।

    नरक चतुर्दशी 2022 की पूजा विधि
    नरक चतुर्दशी के दिन सूर्योदय से पहले स्नान करके साफ कपड़े पहन लें।
    नरक चतुर्दशी के दिन यमराज, श्री कृष्ण, काली माता, भगवान शिव, हनुमान जी और विष्णु जी के वामन रूप की विशेष पूजा की जाती है।
    घर के ईशान कोण में इन सभी देवी देवताओं की प्रतिमा स्थापित करके विधि पूर्वक पूजन करें।
    देवताओं के सामने धूप दीप जलाएं, कुमकुम का तिलक लगाएं और मंत्रो का जाप करें।