पांगी का चस्क भटोरी बना चंबा का सबसे ऊंचाई वाला मतदान केंद्र, 98 मतदाता करेंगे मतदान
पंचायती राज चुनाव-2026 के तहत जनजातीय क्षेत्र पांगी का चस्क भटोरी मतदान केंद्र समुद्र तल से लगभग 4500 मीटर की ऊंचाई पर स्थापित किया गया है। इस केंद्र पर 19 परिवारों के कुल 98 मतदाता मतदान प्रक्रिया में भाग लेंगे।
चम्बा
4500 मीटर की ऊंचाई पर स्थापित किया गया मतदान केंद्र
जिला चंबा के जनजातीय क्षेत्र पांगी में पंचायती राज चुनाव-2026 को लेकर तैयारियां जारी हैं। ग्राम पंचायत सेचू के अंतर्गत आने वाला वार्ड चस्क भटोरी मतदान केंद्र पांगी घाटी के साथ-साथ पूरे जिला चंबा का सबसे ऊंचाई वाला मतदान केंद्र माना जा रहा है। यह मतदान केंद्र समुद्र तल से लगभग 4500 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है, जहां चुनाव प्रक्रिया संपन्न करवाने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।
98 मतदाता करेंगे अपने मताधिकार का प्रयोग
चस्क भटोरी मतदान केंद्र पर कुल 19 परिवारों के 98 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 57 पुरुष और 41 महिला मतदाता शामिल हैं। चुनाव विभाग द्वारा मतदाताओं की सुविधा और मतदान प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न करवाने के लिए आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं। स्थानीय प्रशासन भी मतदान दलों के आवागमन और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने में जुटा हुआ है।
मतदान केंद्र तक पहुंचने के लिए करनी पड़ती है पैदल यात्रा
यह मतदान केंद्र पांगी घाटी के मुख्यालय किलाड़ से लगभग 45 किलोमीटर दूर स्थित है। किलाड़ से चस्क तक बस के माध्यम से पहुंचा जा सकता है, जबकि इसके बाद चस्क से भटोरी तक लगभग 6 किलोमीटर का पैदल सफर तय करना पड़ता है। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद चुनाव कर्मियों और स्थानीय लोगों द्वारा चुनाव प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए तैयारियां की जा रही हैं।
मौसम की चुनौती के बीच चुनावी तैयारियां जारी
अत्यधिक ऊंचाई वाले इस क्षेत्र में मौसम तेजी से बदलता है और किसी भी समय बर्फबारी शुरू होने की संभावना बनी रहती है। इसके बावजूद चुनाव ड्यूटी में तैनात कर्मचारी निर्धारित समय पर मतदान प्रक्रिया संपन्न करवाने के लिए तैयार हैं। प्रशासन द्वारा मौसम और परिवहन से जुड़ी परिस्थितियों पर भी लगातार नजर रखी जा रही है।
