पांवटा साहिब में भाजपा की संयुक्त बैठक, सेवा संकल्प अभियान और जनहित के मुद्दों पर तैयार की रणनीति
भाजपा के दोनों मंडलों की संयुक्त बैठक आयोजित, सेवा संकल्प अभियान व जनहित के मुद्दों पर बनी रणनीति
पाँवटा साहिब। भारतीय जनता पार्टी पाँवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र के दोनों मंडलों की संयुक्त बैठक सोमवार को पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह, पाँवटा साहिब में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पाँवटा साहिब मंडल अध्यक्ष हितेन्द्र कुमार एवं गिरिपार-आँजभोज मंडल अध्यक्ष रमेश तोमर ने संयुक्त रूप से की। बैठक में विधायक एवं पूर्व मंत्री सुखराम चौधरी तथा भाजपा जिलाध्यक्ष धीरज गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं राजनीति में 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को अभियान के दौरान जनसेवा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से आयोजित करने तथा अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में प्रदेश की कांग्रेस सरकार के कार्यकाल की नाकामियों और जनविरोधी नीतियों को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रदेश में व्यवस्था परिवर्तन के नाम पर सत्ता में आई कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में आम जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान है। बैठक में सरकार की नीतियों के खिलाफ आगामी समय में पार्टी द्वारा उठाए जाने वाले कदमों एवं आंदोलनात्मक रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया।
पाँवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न जनहित के मुद्दे भी बैठक में प्रमुखता से उठाए गए। इनमें लगातार बिजली कटौती, सड़कों की दयनीय स्थिति, चरमराती स्वास्थ्य सेवाएँ तथा बिगड़ती कानून-व्यवस्था जैसे गंभीर विषय शामिल रहे। भाजपा नेताओं ने कहा कि इन समस्याओं का सीधा असर आम जनता, किसानों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और क्षेत्र के अन्य वर्गों पर पड़ रहा है।
विधायक एवं पूर्व मंत्री सुखराम चौधरी ने कहा कि भाजपा हमेशा जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देती आई है और आगे भी जनता की आवाज को मजबूती से उठाया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन को और मजबूत करते हुए आम जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझें और उन्हें उचित मंच तक पहुँचाने का कार्य करें।
भाजपा जिलाध्यक्ष धीरज गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, सुशासन और जनकल्याण के संकल्प को जन-जन तक पहुँचाने के लिए ‘सेवा संकल्प अभियान’ को प्रभावी रूप से आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान को सफल बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। बैठक में दोनों मंडलों के अध्यक्ष हितेन्द्र कुमार और रमेश तोमर ने कहाँ कि आने वाली 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर पाँवटा साहिब विधानसभा के सभी 106 बूथों पर 100-100 दीये जलाए जाएँगे।उन्होंने कार्यकर्ताओ से इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़ कर भाग लेने का आह्वान किया। बैठक में भाजपा के दोनों मंडलों के पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी,जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।