Loading...

एक महीने में दो बच्चियों की संदिग्ध मौतों से दहला पांवटा

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन2 • 1 Hour Ago • 1 Min Read

पांवटा साहिब में एक महीने के भीतर दो बच्चियों की संदिग्ध मौतों ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। यमुना नदी में मिले शवों की परिस्थितियों को लेकर क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोग मामलों की निष्पक्ष जांच और जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

पांवटा साहिब

पांवटा साहिब में एक महीने के भीतर दो बच्चियों की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौतों ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। ताजा मामले में 10 वर्षीय बच्ची का शव संदिग्ध अवस्था में मिलने के बाद क्षेत्र में भय, आक्रोश और बेचैनी का माहौल बन गया है। लगातार दूसरी घटना के बाद अब लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर यह महज संयोग है या इसके पीछे कोई और कहानी छिपी हुई है।हैरानी की बात यह है कि एक माह पहले 13 वर्षीय बच्ची का शव यमुना नदी में मिला था और अब लगभग उसी तरह दूसरी बच्ची की मौत ने लोगों की चिंता कई गुना बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों घटनाओं में कई समानताएं दिखाई दे रही हैं, जिसके बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

दूसरी घटना के सामने आने के बाद स्थानीय संगठनों और पीड़ित परिवारों का गुस्सा खुलकर सामने आया। बड़ी संख्या में लोग पांवटा साहिब पहुंचे और प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। लोगों का आरोप है कि पहले मामले की जांच में अपेक्षित गति दिखाई नहीं दी, जिससे लोगों के मन में सवाल लगातार बढ़ते जा रहे हैं।नाराज लोगों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि मामले में जल्द ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा और बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।उधर एसडीएम पांवटा साहिब द्विज गोयल ने कहा कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाएगी।