पौधे लगाकर जिम्मेदारी खत्म नहीं होती, उन्हें बचाना भी जरूरी : पुनीत वर्मा
पर्यावरण संरक्षण को जन-जन का अभियान बनाने के उद्देश्य से जिला सोलन पत्रकार संघ ने शनिवार को शहर से लगभग सात किलोमीटर दूर स्थित नेचर रिट्रीट की पहाड़ी पर पौधारोपण अभियान चलाया। जिला पत्रकार संघ के प्रधान पुनीत वर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान के दौरान पत्रकारों ने 50 से अधिक फलदार एवं छायादार पौधे रोपे और उनके संरक्षण का भी सामूहिक संकल्प लिया।
सोलन
जिला सोलन पत्रकार संघ ने नेचर रिट्रीट की पहाड़ी पर लगाए 50 से अधिक पौधे, संरक्षण का भी लिया संकल्प। कार्यक्रम के तहत दोपहर करीब 12 बजे पत्रकार संघ के सदस्य नेचर रिट्रीट पहुंचे, जहां अनार, आंवला, खड़क सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। पौधारोपण के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन और हरित भविष्य को लेकर भी चर्चा की गई तथा समाज के प्रत्येक व्यक्ति से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर वन विभाग के बीट गार्ड अनिल जस्टा विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने पौधारोपण में सहयोग करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी योजनाओं से नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग की सक्रिय भागीदारी से ही संभव है। उन्होंने पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
जिला सोलन पत्रकार संघ के प्रधान पुनीत वर्मा ने कार्यक्रम में सहयोग के लिए रेंजर अधिकारी नीलम ठाकुर का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज की आवाज़ उठाने के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी जिम्मेदारियां भी निभाते हैं। उन्होंने कहा कि “पौधे लगाकर जिम्मेदारी खत्म नहीं होती, उन्हें बचाना भी उतना ही जरूरी है।” उन्होंने बताया कि पत्रकार संघ समय-समय पर इस स्थल का दौरा कर लगाए गए पौधों की स्थिति का जायजा लेगा और उनके संरक्षण के लिए आवश्यक कदम उठाएगा।
पुनीत वर्मा ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौती को देखते हुए प्रत्येक व्यक्ति को पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आना होगा। यदि आज प्रकृति को बचाने के लिए गंभीर प्रयास नहीं किए गए तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना कठिन हो जाएगा। उन्होंने सभी लोगों से पौधारोपण अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने की अपील की।
इस अवसर पर पवन ठाकुर, रीता ठाकुर, मोहन चौहान, अमित चोपड़ा, अमर प्रीत पुंज, अशोक वर्धन, वेद आर्या, हेमंत अत्रि, कविराज चौहान, कमलेश कुमार, विवेक भारती, तोमर ठाकुर, दीप कुमार, सतीश दीपटा, सुनील कुमार, करण ठाकुर तथा राजेश राज सहित जिला सोलन पत्रकार संघ के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।