Loading...

प्रधानमंत्री मोदी का 76वां जन्मदिन आज, भाजपा शुरू करेगी संकल्प सेवा अभियान; उज्जैन में 25 लाख दीयों का दीपोत्सव

हिमाचलनाउ डेस्क • 6 Hours Ago • 1 Min Read

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 17 सितंबर को अपना 76वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस अवसर पर भाजपा एक महीने तक चलने वाला संकल्प सेवा अभियान शुरू करेगी। वाराणसी और वडनगर से सेवा संकल्प बाइक यात्राएं रवाना होंगी, जबकि उज्जैन के शिप्रा घाटों पर 25 लाख से अधिक दीये जलाने की तैयारी है। प्रधानमंत्री दिल्ली में SEMICON India 2026 का उद्घाटन करने के साथ कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।

नई दिल्ली

प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर देश के विभिन्न हिस्सों में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। भाजपा और केंद्रीय मंत्रियों ने प्रधानमंत्री मोदी की 25 वर्ष की सार्वजनिक सेवा के उपलक्ष्य में लोगों से दीये जलाने का आह्वान किया है। भाजपा का संकल्प सेवा अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। गुजरात में कार्यक्रमों की शुरुआत हो चुकी है और अहमदाबाद में प्रधानमंत्री की लंबी उम्र की कामना के साथ 11 हजार दीये जलाए गए हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जगन्नाथ मंदिर में विशेष आरती भी करेंगे।

वाराणसी और वडनगर से रवाना होंगी बाइक यात्राएं

प्रधानमंत्री मोदी के गृहनगर वडनगर में कार्यक्रमों की शुरुआत कलश यात्रा से होगी। गुजरात के चार प्रमुख मंदिरों से निकली कलश यात्राएं वडनगर पहुंचेंगी। इसके बाद अमित शाह बाइक रैली को हरी झंडी दिखाएंगे, जिसमें 250 बाइक सवार शामिल होंगे। दूसरी ओर, वाराणसी से वडनगर के लिए निकलने वाली सेवा संकल्प बाइक यात्रा को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रवाना करेंगे। काशी से शुरू होने वाली यात्रा में करीब 500 सेवा यात्री शामिल होंगे।

काशी में यात्रा से पहले 51 बाइक सवार ललिता घाट पहुंचेंगे और गंगाजल लेकर काशी विश्वनाथ मंदिर में जलाभिषेक करेंगे। दोपहर में रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर से बाइक यात्रा रवाना की जाएगी। यह यात्रा 22 दिनों में 10 राज्यों, 193 जिलों, 773 तहसीलों और 1,159 गांवों तक पहुंचेगी। उत्तर प्रदेश के 50 जिले भी इसके मार्ग में शामिल होंगे। भाजपा के अनुसार, यात्रा का उद्देश्य लोगों से संवाद करना और सरकार के कार्यों की जानकारी युवाओं तक पहुंचाना है।

वाराणसी के कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक सहित कई नेता शामिल होंगे। रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई गई है। योगी आदित्यनाथ और राजनाथ सिंह के काशी विश्वनाथ मंदिर में महारुद्राभिषेक करने का भी कार्यक्रम है।

उज्जैन में 25 लाख से अधिक दीये जलाने की तैयारी

मध्य प्रदेश के उज्जैन में प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर दीपोत्सव आयोजित किया जाएगा। इस दौरान शिप्रा नदी के घाटों को 25 लाख से अधिक दीयों से रोशन करने की तैयारी है और आयोजन में करीब 30 हजार स्वयंसेवक शामिल होंगे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने प्रधानमंत्री के 25 वर्ष के राजनीतिक सफर से जुड़े कार्यक्रमों की जानकारी दी थी। दिल्ली में आयोजित SEMICON India 2026 में 600 से अधिक कंपनियों के शामिल होने की बात कही गई है।