Loading...

PM Modi Himachal Rally: मंडी में गरजे पीएम मोदी, बोले- झूठी गारंटी देना और झूठे वादे करना कांग्रेस की पुरानी तरकीब

SAPNA THAKUR • 5 Nov 2022 • 1 Min Read

HNN/ मंडी

पीएम मोदी ने आज मंडी जिला के सुंदरनगर में जनसभा को संबोधित कर कार्यकर्ताओं में चुनावी जोश भरा। इस दौरान वह कांग्रेस पर भी खूब बरसे और उन पर तीखे हमले बोले। इतना ही नहीं मोदी ने मंच से जनसभा में उपस्थित लोगों का अभिनंदन किया और एक बार फिर से सेवा करने का मौका मांगा। सुंदरनगर के जवाहर पार्क में विजय संकल्प रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में हाटेश्वरी माता, शीतला माता, शिकारी माता का जिक्र भी किया।

8 दिसंबर को दोबारा सरकार बनने पर और तेजी से विकास होगा
हिमाचल के विकास के काम मोदी व जयराम ने नहीं किए आपके एक वोट ने किए हैं। आगे भी सही जगह वोट किया तो आगे भी विकास इसी गति से होगा। मंडी-पठानकोट राजमार्ग पर तेजी से काम चल रहा है। 8 दिसंबर को दोबारा सरकार बनने पर और तेजी से विकास होगा। हर बूथ पर कमल का फूल भाजपा का उम्मीदवार है। कमल के फूल पर पड़ा हर वोट हिमाचल के इस बेटे को दिल्ली में ताकत देगा। मतदान के सभी रिकार्ड तोड़ देंगे।

मोदी बोले- महामारी के समय कांग्रेस होती तो क्या होता
हिमाचल के विकास ने अभूतपूर्व गति पकड़ी है। अगर अब भी यहां कांग्रेस होती तो मात्र 25 घर बनते। महामारी के समय यहां कांग्रेस होती तो कल्पना करो क्या होता। कांग्रेस ने वैक्सीन के लिए देश की जनता को इंतजार करवाया। कोविड टीकाकरण होने से हिमाचल में पर्यटन बढ़ा। कांग्रेस होती तो आज तक वैक्सीन नहीं मिलती हिमाचल की अनदेखी होती।

पीएम मोदी ने गिनाईं उपलब्धियां
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि अगर हिमाचल के लोगों ने भाजपा को सेवा का मौका नहीं दिया होता तो आज 9 लाख घरों में नल से जल नहीं पहुंचता। उज्ज्वला का सिलेंडर नहीं पहुंचता। आयुष्मान योजना और हिमकेयर योजना के तहत लोगों को मुफ्त इलाज नहीं मिलता। गरीबों को मुफ्त में राशन मुहैया नहीं होता।

भाजपा जो संकल्प लेती है, उसकी सिद्धि करके दिखाती है
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भाजपा जो संकल्प लेती है, उसकी सिद्धि करके दिखाती है। भाजपा ने जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाने का संकल्प लिया, उसे सिद्ध करके दिखाया। भाजपा ने राम मंदिर निर्माण का संकल्प लिया, आज अयोध्या में इतना भव्य राम मंदिर बन रहा है। कांग्रेस की सच्चाई ये है कि 2012 में जिस घोषणा पत्र पर वो चुनाव जीते, वादे किए थे, एक भी काम उन्होंने नहीं किया। जबकि भाजपा की पहचान है कि हम जो कहते हैं उसे पूरा करने के लिए दिन-रात खपा देते हैं।

झूठे वादे करना, झूठी गारंटी देना, कांग्रेस की पुरानी तरकीब
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि झूठे वादे करना, झूठी गारंटी देना, कांग्रेस की पुरानी तरकीब रही है। किसानों को कर्ज माफी के नाम पर कांग्रेस किस तरह झूठ बोलती आ रही है, इसका भी गवाह पूरा देश रहा है। जब दिल्ली और हिमाचल में भाजपा की सरकार थी तो काम तेजी से चल रहे थे। लेकिन जैसे ही, पांच उसके, पांच उसके, इस चक्कर में पड़ गए और कांग्रेस वाले वापस आए, सारे काम ठप कर दिए।