HRTC में होगी चालक-परिचालकों की भर्ती, 200 डीजल और 1000 नई इलेक्ट्रिक बसें खरीदने की योजना / मुकेश अग्निहोत्री
हिमाचल पथ परिवहन निगम में जल्द चालकों और परिचालकों की भर्ती की जाएगी। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने 18 सितंबर को नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र के एक दिवसीय प्रवास के दौरान आयोजित जनसभाओं में यह जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने नगरोटा बगवां बस अड्डे से 10 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और नगरोटा बगवां से बड़ोह तक बस में यात्रा भी की।
कांगड़ा/नगरोटा बगवां
500 पुरानी बसें निगम से होंगी बाहर
एचआरटीसी के बेड़े को मजबूत करने के लिए 500 पुरानी बसों को निगम से हटाया जा रहा है। 297 इलेक्ट्रिक बसों को एचआरटीसी में शामिल करने के बाद लंबे रूटों के लिए 200 डीजल बसें खरीदने की योजना है। इसके अतिरिक्त निगम के लिए 1,000 नई इलेक्ट्रिक बसें खरीदने की भी योजना बनाई गई है।
नगरोटा बगवां से 10 इलेक्ट्रिक बसें रवाना
नगरोटा बगवां बस अड्डे से 10 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस दौरान हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष एवं नगरोटा बगवां के विधायक आरएस बाली भी मौजूद रहे। उप मुख्यमंत्री ने एचआरटीसी को प्रदेश के लोगों की जीवनरेखा बताते हुए निगम को और अधिक मजबूत करने की बात कही।