चौकीमन्यार कॉलेज में मतदान जागरूकता पर निबंध प्रतियोगिता, सूर्यवीर प्रथम
राजकीय महाविद्यालय चौकीमन्यार में विद्यार्थियों को चुनावी साक्षरता, लोकतांत्रिक अधिकारों और मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करने के लिए निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें बीए तृतीय वर्ष के सूर्यवीर ने प्रथम और बीए द्वितीय वर्ष की तमन्ना ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
उप तहसील जोल एवं ग्राम पंचायत चौकीमन्यार के अंतर्गत आने वाले महाविद्यालय में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब और रोड सेफ्टी क्लब ने संयुक्त रूप से प्रतियोगिता करवाई। इसके लिए शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची का महत्व और मतदान का महत्व विषय निर्धारित किए गए थे। विद्यार्थियों ने अपने निबंधों में लोकतंत्र के भीतर मतदाता की भूमिका और उसकी जिम्मेदारियों को रेखांकित किया। प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका डॉ. राम कुमार नेगी ने निभाई।
निष्पक्ष चुनाव के लिए शुद्ध मतदाता सूची जरूरी
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बलविंदर सिंह राणा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती और सफलता के लिए निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया आवश्यक है। उन्होंने शुद्ध और त्रुटिरहित मतदाता सूची को स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव की आधारशिला बताया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूक रहते हुए मतदान प्रक्रिया में जिम्मेदारी के साथ भाग लेना चाहिए।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के इको क्लब, ऊर्जा क्लब, राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई, रेड रिबन क्लब, आपदा प्रबंधन क्लब और रेड क्रॉस क्लब के सदस्यों ने भाग लिया। इस अवसर पर प्रो. कविता कौशल, डॉ. सगुन डोगरा, प्रो. नवीन शर्मा और कार्यालय के कर्मचारी भी उपस्थित रहे। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में चुनावी जागरूकता विकसित करने के साथ उन्हें जिम्मेदार नागरिक के रूप में लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना था।