राष्ट्रपति मुर्मू का तीन दिवसीय हिमाचल दौरा आज से, एम्स में 92 को मिलेंगी डिग्रियां
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मंगलवार से तीन दिवसीय हिमाचल दौरे पर रहेंगी। वह एम्स बिलासपुर के पहले दीक्षांत समारोह में मुख्यातिथि के रूप में शामिल होकर 92 डॉक्टरों और प्रशिक्षुओं को डिग्रियां प्रदान करेंगी। इसके बाद वह मनाली रवाना होंगी। दौरे को देखते हुए एम्स की ओपीडी मंगलवार को बंद रहेगी, जबकि अटल टनल की ओर वाहनों की आवाजाही 18 घंटे तक प्रतिबंधित रहेगी।
बिलासपुर/बिलासपुर
राष्ट्रपति सुबह 10:35 बजे हवाई मार्ग से एम्स परिसर पहुंचेंगी और दीक्षांत समारोह 10:45 बजे शुरू होगा। समारोह के बाद वह सुबह 11:55 बजे एम्स हेलीपैड से मनाली के लिए रवाना होंगी। वहां वह दो दिन रुकेंगी। बुधवार सुबह अटल टनल रोहतांग का दौरा करने के बाद मनाली लौटकर माता हिडिंबा मंदिर में शीश नवाएंगी। राष्ट्रपति आठ अक्तूबर को सासे हेलीपैड से दिल्ली के लिए रवाना होंगी।
राष्ट्रपति के स्वागत के लिए राज्यपाल कविंद्र गुप्ता, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा और राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन भी एम्स पहुंचेंगे। दीक्षांत समारोह में 2020 बैच के 43 एमबीबीएस पासआउट डॉक्टर, 2023 बैच के 14 एमडी-एमएस चिकित्सक, 2022 बैच के 26 नर्सिंग प्रशिक्षु और नौ पैरामेडिकल विद्यार्थी डिग्री प्राप्त करेंगे। एम्स परिसर और आसपास सुरक्षा के लिए 250 पुलिस तथा होमगार्ड जवान तैनात रहेंगे।
राष्ट्रपति एम्स से मनाली के सासे हेलीपैड पहुंचेंगी और वहां से सर्किट हाउस जाएंगी, जहां उनके ठहरने की व्यवस्था की गई है। मनाली से अटल टनल और हिडिंबा मंदिर तक के मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर पुलिस जवान तैनात रहेंगे। कुल्लू के उपायुक्त डॉ. अमित कुमार ने बताया कि राष्ट्रपति के दौरे से संबंधित सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बिलासपुर से मनाली तक सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है।
एम्स की ओपीडी बंद, आपातकालीन सेवाएं रहेंगी जारी
राष्ट्रपति के दौरे और एम्स बिलासपुर के पहले दीक्षांत समारोह के कारण मंगलवार को ओपीडी सेवाएं बंद रहेंगी। इस दौरान मरीजों का पंजीकरण और चिकित्सीय परामर्श उपलब्ध नहीं होगा। एम्स प्रशासन ने नियमित जांच, फॉलोअप या परामर्श के लिए मरीजों से मंगलवार को अस्पताल नहीं आने की अपील की है। हालांकि, आपातकालीन सेवाओं पर इसका प्रभाव नहीं पड़ेगा और इमरजेंसी में सामान्य दिनों की तरह उपचार मिलेगा। अस्पताल में पहले से भर्ती मरीजों के लिए आईपीडी सेवाएं भी नियमित रूप से जारी रहेंगी।
एम्स के रजिस्ट्रार राकेश कुमार सिंह के अनुसार, मरीजों और आम जनता की सुविधा तथा सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ओपीडी को एक दिन बंद रखने का निर्णय लिया गया है। दूसरी ओर, छह अक्तूबर शाम 6:00 बजे से सात अक्तूबर दोपहर 12:00 बजे तक अटल टनल की ओर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। सात अक्तूबर को पलचान से अटल टनल रोहतांग तक भी किसी प्रकार के वाहन को जाने की अनुमति नहीं होगी।