Loading...

पुबोवाल तालाब बनेगा पिकनिक स्पॉट, टेंडर प्रक्रिया जल्द शुरू करने के निर्देश

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

ऊना जिले के हरोली उपमंडल की ग्राम पंचायत पुबोवाल स्थित पुराने तालाब को सौंदर्यीकरण के बाद पिकनिक स्पॉट के रूप में विकसित किया जाएगा। उपायुक्त जतिन लाल ने सोमवार को कार्य का अवलोकन करते हुए पंचायत को आगामी विकास के लिए जल्द टेंडर प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए। प्रस्तावित विकास का उद्देश्य तालाब परिसर को बच्चों, युवाओं, बुजुर्गों और परिवारों के लिए आकर्षक एवं सुविधाजनक बनाना है।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

उपायुक्त जतिन लाल ने कहा कि पारंपरिक जल स्रोत किसी भी क्षेत्र की प्राकृतिक विरासत होते हैं। इनके संरक्षण के साथ आसपास के क्षेत्र को सुविधाजनक और आकर्षक स्वरूप दिया जाए तो ये स्थानीय लोगों के मनोरंजन तथा सामुदायिक गतिविधियों के बेहतर केंद्र बन सकते हैं। उन्होंने पंचायत को तालाब के सौंदर्यीकरण में गुणवत्ता और सुनियोजित विकास सुनिश्चित करने के साथ सभी कार्य समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।

पुबोवाल तालाब बनेगा पिकनिक स्पॉट, टेंडर प्रक्रिया जल्द शुरू करने के निर्देश

जल स्रोत के संरक्षण के साथ विकसित होंगी सुविधाएं

हरोली क्षेत्र में पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण और सौंदर्यीकरण की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के विजन के अनुरूप क्षेत्र के कई पुराने तालाबों को नया स्वरूप देने के प्रयास किए जा रहे हैं। उपायुक्त ने कहा कि पुबोवाल तालाब को केवल जल स्रोत तक सीमित न रखते हुए इसके आसपास ऐसा वातावरण तैयार किया जाए, जहां लोग अपने परिवार के साथ समय बिता सकें और परिसर का बेहतर उपयोग हो सके।

निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत पुबोवाल के प्रधान सुमन लाल, पूर्व प्रधान संतोष दास बिट्टू, एसडीएम हरोली विशाल शर्मा और बीडीओ मुकेश कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं स्थानीय प्रतिनिधि उपस्थित रहे। उपायुक्त ने पंचायत को आगामी प्रक्रिया जल्द शुरू करने और तालाब परिसर के विकास में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने को कहा।

Related Topics: