पूबोवाल में दो युवकों की संदिग्ध मौत, टांडा में पोस्टमार्टम से स्पष्ट होगा कारण
ऊना जिले के हरोली उपमंडल के पूबोवाल गांव में अमनदीप सिंह और सुखराज नामक दो युवकों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दोनों की उम्र करीब 30 से 32 वर्ष थी। पुलिस ने दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी है, जबकि मौत के वास्तविक कारणों का पता टांडा अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद चल सकेगा।
ऊना/हरोली/वीरेंद्र बन्याल
जानकारी के अनुसार, अमनदीप सिंह का शव बुधवार सुबह करीब सात बजे घालूवाल स्थित रेन शेल्टर में मिला। शव मिलने की सूचना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। वहीं, सुखराज को बुधवार सुबह उसके घर से अचेत अवस्था में सिविल अस्पताल हरोली लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दोनों युवक पूबोवाल गांव के रहने वाले और शादीशुदा थे। उनके छोटे बच्चे भी हैं। एक ही दिन गांव के दो परिवारों के जवान बेटों की मौत से क्षेत्र में शोक का माहौल है।
फिलहाल दोनों युवकों की मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। शवों का पोस्टमार्टम टांडा अस्पताल में कराया जाएगा और रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण सामने आ सकेंगे। हरोली पुलिस थाना प्रभारी अनूप कुमार ने बताया कि पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है। जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।
