पुनरधार में अंडर-19 छात्राओं की खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता शुरू
पुनरधार में नौहराधार खंड की 19 वर्ष से कम आयु वर्ग की छात्राओं की तीसरी खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता शुरू हो गई है। पंचायत समिति सदस्य जोगिंदर सिंह ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इसमें नौहराधार खंड के विभिन्न विद्यालयों की करीब 150 छात्राएं हिस्सा ले रही हैं।
नौहराधार
प्रतियोगिता प्रभारी मधु पुंडीर और सह प्रभारी हिमांशु चौहान ने बताया कि नौहराधार खंड की यह प्रतियोगिता पहली बार पुनरधार में आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता में भाग लेने पहुंचीं खिलाड़ियों और विभिन्न विद्यालयों से आए शिक्षकों का स्थानीय विद्यालय के विद्यार्थियों, स्टाफ, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों और ग्रामीणों ने गर्मजोशी से स्वागत किया।
विद्यालय के कार्यकारी प्रधानाचार्य वीरेंद्र सिंह ने कहा कि दूरदराज क्षेत्र में इस स्तर की प्रतियोगिता आयोजित करना चुनौतीपूर्ण था। स्थानीय ग्राम पंचायत और ग्रामीणों से मिले सहयोग के कारण आयोजन की तैयारियों में विद्यालय परिवार और विद्यालय प्रबंधन समिति को काफी मदद मिली है। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन की उम्मीद जताई।
मुख्य अतिथि जोगिंदर सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर देने के लिए इस तरह के आयोजनों का विशेष महत्व है।
