Accident / पुरुवाला में ट्रक की टक्कर से बुजुर्ग की मौत, आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज
Accident : सिरमौर जिले के पुरुवाला थाना क्षेत्र में ट्रक की टक्कर से एक बुजुर्ग की मौत का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।
पुरुवाला
सतौन बस स्टैंड के पास हुआ हादसा
पुलिस थाना पुरुवाला में यह मामला विनोद कुमार पुत्र स्वर्गीय धनवीर सिंह निवासी गांव मझोली, डाकघर कोडगा, तहसील कमरऊ जिला सिरमौर के बयान के आधार पर दर्ज किया गया। शिकायतकर्ता के अनुसार 12 मई 2026 की शाम करीब चार बजे जब वह सतौन बस स्टैंड पहुंचा, तो उसके नाना इंद्र सिंह पुत्र जालम सिंह निवासी मझौली सड़क पर घायल अवस्था में पड़े मिले। स्थानीय लोगों से जानकारी लेने पर पता चला कि शिलाई की ओर से आ रहे एक ट्रक ने उन्हें टक्कर मारी थी।
सड़क पार करते समय हुआ हादसा
प्रारंभिक जांच के अनुसार ट्रक चालक दिनेश कुमार पुत्र जालम सिंह निवासी कमरऊ वाहन चला रहा था। आरोप है कि चालक ने तेज गति और लापरवाही से ट्रक चलाते हुए सड़क पार कर रहे इंद्र सिंह को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई।
आरोपी चालक को पुलिस ने लिया हिरासत में
मामले में पुलिस थाना पुरुवाला में धारा 281, 106 बीएनएस तथा धारा 187 मोटर वाहन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया। वहीं मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार दुर्घटना से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है।