कांग्रेस सरकार ने संस्थानों पर लगाए ताले, जनता से किया विश्वासघात : बिन्दल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिन्दल ने धारटी क्षेत्र के जनसंपर्क कार्यक्रमों के दौरान कांग्रेस सरकार पर विभिन्न सरकारी संस्थानों को बंद करने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा और पशुपालन से जुड़े कई संस्थानों के बंद होने से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को प्रभावित होना पड़ रहा है।
नाहन
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिन्दल ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सत्ता में आते ही सरकार ने नाहन विधानसभा क्षेत्र में दो दर्जन से अधिक सरकारी संस्थानों पर ताले जड़ दिए और जनता के साथ विश्वासघात किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में व्यवस्था परिवर्तन नहीं बल्कि व्यवस्था पतन हुआ है और अब यह सरकार जाने वाली है।डा. बिन्दल बुधवार को धारटी क्षेत्र में आयोजित विभिन्न बैठकों और जनसंपर्क कार्यक्रमों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने धगेड़ा, रामा, सेन की सेर, नावनी जमटा, नेहलीधीड़ा और पंजाहल क्षेत्रों में लोगों से संपर्क किया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार बनने के बाद पंजाहल में भाजपा सरकार के दौरान खोले गए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को बंद कर दिया गया, जिससे क्षेत्र के लोगों को उपचार के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश के इतिहास में यह पहली ऐसी सरकार है जिसने विकास कार्यों की बजाय संस्थानों को बंद करने का काम किया है।
डा. बिन्दल ने कहा कि जमटा और धगेड़ा में संचालित पशु चिकित्सालयों को भी बंद कर दिया गया, जिससे कृषि आधारित धारटी क्षेत्र के किसानों और पशुपालकों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी संस्थान को शुरू करने के लिए लंबी प्रशासनिक प्रक्रिया और मंत्रिमंडल की मंजूरी लेनी पड़ती है, लेकिन कांग्रेस सरकार ने बिना विचार किए इन्हें बंद कर दिया।
उन्होंने दावा किया कि धारटी क्षेत्र में सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में जो भी विकास कार्य हुए हैं, वे भाजपा सरकार के कार्यकाल में हुए हैं, जबकि वर्तमान सरकार ने पिछले साढ़े तीन वर्षों में कोई बड़ा विकास कार्य नहीं किया।मामले में दिए गए यह बयान चुनावी जनसंपर्क कार्यक्रम के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिन्दल द्वारा व्यक्त किए गए।
