राजगढ़ में 11 से 13 सितंबर तक होगी ऑल इंडिया वॉलीबाल प्रतियोगिता
जिला सिरमौर के राजगढ़ में 11 से 13 सितंबर तक तीन दिवसीय ऑल इंडिया सूरत सिंह मेमोरियल वॉलीबाल प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। गुरुकुल पीच वैली इंटरनेशनल स्कूल के खेल मैदान में होने वाली इस प्रतियोगिता में देश की पांच टीमें हिस्सा लेंगी। मुकाबले लीग आधार पर खेले जाएंगे और बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीमें फाइनल तथा तीसरे स्थान के मुकाबले में प्रवेश करेंगी।
राजगढ़
प्रतियोगिता में इंडियन नेवी कोच्चि, देहरादून, सीआईएसएफ रांची, हरियाणा स्टेट टीम और इनकम टैक्स दिल्ली की टीमें आमने-सामने होंगी। विनीत कुमार और रमन चौधरी सहित प्रो वॉलीबाल लीग के कई नामी खिलाड़ी भी अपने खेल का प्रदर्शन करेंगे। क्लब के संरक्षक सतीश ठाकुर के अनुसार, लीग चरण में सभी पांच टीमें एक-दूसरे के खिलाफ मुकाबले खेलेंगी। इसके बाद प्रदर्शन के आधार पर आगे के मुकाबलों के लिए टीमों का चयन होगा।
सुमन रावत मेहता करेंगी शुभारंभ
प्रतियोगिता का शुभारंभ 11 सितंबर को प्रदेश की प्रथम अर्जुन अवॉर्डी सुमन रावत मेहता करेंगी। समापन समारोह 13 सितंबर को आयोजित होगा, जिसमें शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद सुरेश कश्यप मुख्यातिथि के रूप में शामिल होंगे। आयोजकों के अनुसार, तीन दिन तक चलने वाली प्रतियोगिता में खेल प्रेमियों को देश की प्रमुख टीमों और अनुभवी खिलाड़ियों के बीच वॉलीबाल मुकाबले देखने का अवसर मिलेगा।
स्थानीय खिलाड़ियों को प्रेरित करना उद्देश्य
सतीश ठाकुर ने बताया कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य राजगढ़ क्षेत्र में वॉलीबाल को बढ़ावा देना है। इसके साथ ही स्थानीय युवा खिलाड़ियों को देश के बेहतरीन खिलाड़ियों का खेल करीब से देखने और उनसे प्रेरणा लेने का अवसर उपलब्ध कराना भी आयोजन का लक्ष्य है। उन्होंने क्षेत्र के खेल प्रेमियों से प्रतियोगिता में अधिक संख्या में पहुंचने और मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने का आह्वान किया है।
