Loading...

राजगढ़ सिविल अस्पताल के टॉयलेट में नवजात का शव मिला, मचा हड़कंप

PRIYANKA THAKUR • 1 Hour Ago • 1 Min Read

राजगढ़ सिविल अस्पताल के टॉयलेट में नवजात शिशु का शव मिलने से सनसनी फैल गई है। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए नाहन भेजा गया है, जिससे मौत के कारणों का पता लगाया जा सके।

राजगढ़

सिविल अस्पताल राजगढ़ में शुक्रवार सुबह नवजात शिशु का शव मिलने से सनसनी फैल गई। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।जानकारी के अनुसार सुबह करीब साढ़े 8 बजे सफाई कर्मचारी टॉयलेट की सफाई के लिए गया था। इसी दौरान टॉयलेट सीट में फंसी संदिग्ध वस्तु दिखी। पास जाकर देखने पर वह नवजात शिशु का शव निकला।
घटना की सूचना तुरंत अस्पताल स्टाफ और डॉक्टरों को दी गई। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस ने अस्पताल स्टाफ के बयान दर्ज कर लिए हैं। साथ ही अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि घटना से जुड़े व्यक्ति की पहचान की जा सके।प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि नवजात को जन्म के तुरंत बाद यहां फेंका गया हो सकता है। हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगा।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में रोष है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठ रही है।

इस संबंध में बीएमओ राजगढ़ डॉ. उपासना शर्मा ने बताया कि सुबह अस्पताल के टॉयलेट में नवजात शिशु मृत अवस्था में मिला है। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज नाहन भेजा गया है, जिससे मौत के कारणों का पता लगाया जा सके।