Loading...

राजगढ़ के पीच वैली स्कूल की खेल प्रतियोगिता में हिमालया हाउस ने जीती ध्यान चंद ट्रॉफी

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 59 Mins Ago • 1 Min Read

राजगढ़ स्थित गुरुकुल पीच वैली इंटरनेशनल स्कूल की वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने बैडमिंटन, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल और एथलेटिक्स की विभिन्न स्पर्धाओं में भाग लिया। प्रतियोगिता के समग्र प्रदर्शन के आधार पर हिमालया हाउस ने ध्यान चंद ट्रॉफी अपने नाम की। विद्यालय के चेयरमैन एवं मुख्य अतिथि सतीश ठाकुर ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया और विजेता खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया।

राजगढ़

प्रतियोगिता की शुरुआत विद्यालय के चारों सदनों के विद्यार्थियों के मार्च पास्ट से हुई। विद्यार्थियों ने मुख्य अतिथि को सलामी दी। कार्यक्रम में विद्यालय की शैक्षणिक निदेशिका अंबिका ठाकुर, प्रधानाचार्या अनु दानी और उपप्रधानाचार्या प्रियंका चंदेल भी मौजूद रहीं। कक्षा छह से आठ और कक्षा नौ से 12 वर्ग के विद्यार्थियों ने खेल स्पर्धाओं में प्रतिभा दिखाई। एथलेटिक्स में 100, 200, 400 और 600 मीटर दौड़ के साथ रिले रेस, हाई जंप, लॉन्ग जंप, जेवलिन थ्रो और शॉटपुट के मुकाबले करवाए गए।

कक्षा छह से आठ वर्ग के परिणाम

बैडमिंटन के छात्र वर्ग में अरावली सदन पहले और शिवालिक सदन दूसरे स्थान पर रहा। छात्रा वर्ग में शिवालिक सदन विजेता और हिमालया सदन उपविजेता बना। बास्केटबॉल के छात्र वर्ग में हिमालया सदन ने पहला तथा शिवालिक सदन ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। छात्रा वर्ग में शिवालिक सदन विजेता और हिमालया सदन उपविजेता रहा। वॉलीबॉल के छात्र वर्ग में अरावली सदन प्रथम और हिमालया सदन द्वितीय रहा, जबकि छात्रा वर्ग में शिवालिक सदन ने पहला स्थान हासिल किया।

वरिष्ठ वर्ग में शिवालिक सदन का बेहतर प्रदर्शन

कक्षा नौ से 12 के बैडमिंटन छात्र वर्ग में शिवालिक सदन विजेता और हिमालया सदन उपविजेता रहा। छात्रा वर्ग में अरावली सदन ने पहला और शिवालिक सदन ने दूसरा स्थान हासिल किया। बास्केटबॉल छात्र वर्ग में हिमालया सदन प्रथम तथा शिवालिक सदन द्वितीय रहा। छात्रा वर्ग में शिवालिक सदन ने पहला और अरावली सदन ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। वॉलीबॉल के छात्र और छात्रा दोनों वर्गों में शिवालिक सदन प्रथम रहा, जबकि हिमालया सदन ने दूसरा स्थान हासिल किया। समग्र प्रदर्शन में हिमालया हाउस ने ध्यान चंद ट्रॉफी जीती।

जिला और राज्य स्तर के लिए खिलाड़ियों का चयन

चेयरमैन सतीश ठाकुर ने कहा कि विद्यार्थियों के चहुंमुखी विकास के लिए पढ़ाई के साथ खेलों में भागीदारी भी जरूरी है। खेलों से अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आत्मविश्वास विकसित होता है। उन्होंने बताया कि अंडर-14 बैडमिंटन में ईशान का जिला और उत्कर्ष का राज्य स्तर के लिए चयन हुआ है। अंडर-14 शतरंज में एकाक्ष, आर्यवीर और रुद्रांश तथा अंडर-19 बैडमिंटन में रोनित का जिला स्तर के लिए चयन हुआ है। अंडर-19 वॉलीबॉल में देवक्ष का चयन राज्य स्तर के लिए किया गया है।

मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर प्रसन्नता जताते हुए उन्हें भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ खेलों में आगे बढ़ने के बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने का प्रयास कर रहा है। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने अनुशासन और खेल भावना के साथ मुकाबलों में हिस्सा लिया। अलग-अलग सदनों के खिलाड़ियों ने स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के बीच अपनी प्रतिभा और टीम भावना का प्रदर्शन किया।

Related Topics: •