Loading...

राजस्व विभाग की जांच में सुरक्षित मिली पूरी जमीन, अतिक्रमण की चर्चाएं निकली निराधार

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन2 • 1 Hour Ago • 1 Min Read

राजगढ़ स्कूल हॉस्टल की भूमि को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच राजस्व विभाग ने विधिवत निशानदेही कर स्थिति स्पष्ट कर दी है। जांच में राजस्व अभिलेखों के अनुसार पूरी भूमि सुरक्षित पाई गई और किसी प्रकार के अतिक्रमण की पुष्टि नहीं हुई। निशानदेही के बाद भूमि को लेकर फैली आशंकाएं और भ्रम पूरी तरह समाप्त हो गए हैं।

राजगढ़

पिछले कुछ समय से चर्चाओं में रही राजगढ़ स्कूल हॉस्टल की भूमि को लेकर गुरुवार को राजस्व विभाग ने स्थिति पूरी तरह स्पष्ट कर दी। शिरगुल मंदिर के समीप स्थित स्कूल हॉस्टल की भूमि की विधिवत निशानदेही कराई गई, जिसमें राजस्व अभिलेखों के अनुरूप पूरी भूमि मौके पर सुरक्षित पाई गई। इसके साथ ही कथित अतिक्रमण को लेकर चल रही अटकलों और चर्चाओं पर भी विराम लग गया।निशानदेही प्रक्रिया के दौरान राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर भूमि का विस्तृत निरीक्षण किया। पटवारी और कानूनगो की मौजूदगी में आसपास की भूमि से जुड़े सभी संबंधित भू-स्वामियों को भी मौके पर बुलाया गया, ताकि किसी प्रकार की शंका या विवाद की स्थिति न रहे।

इस दौरान स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष धर्मेंद्र वर्मा, विद्यालय के अध्यापक तथा अन्य संबंधित लोग भी मौजूद रहे। राजस्व अधिकारियों ने रिकॉर्ड के आधार पर भूमि की सीमाओं का निर्धारण करते हुए मौके की स्थिति का मिलान किया।स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष धर्मेंद्र वर्मा ने बताया कि राजस्व विभाग द्वारा की गई निशानदेही में स्कूल हॉस्टल की पूरी भूमि सुरक्षित पाई गई है। उन्होंने कहा कि विद्यालय की जमीन पर किसी भी व्यक्ति द्वारा कोई अतिक्रमण नहीं किया गया है तथा राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज भूमि और मौके पर उपलब्ध भूमि में कोई अंतर नहीं पाया गया।

उन्होंने कहा कि पिछले कुछ समय से भूमि को लेकर जो चर्चाएं और आशंकाएं व्यक्त की जा रही थीं, निशानदेही के बाद वे पूरी तरह निराधार साबित हुई हैं। अब राजस्व विभाग की आधिकारिक प्रक्रिया के बाद स्थिति स्पष्ट हो गई है और किसी प्रकार का भ्रम शेष नहीं रहा।स्थानीय लोगों ने भी राजस्व विभाग की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि निशानदेही से भूमि की वास्तविक स्थिति सामने आने के बाद अनावश्यक चर्चाओं और भ्रम की स्थिति समाप्त हो गई है। इससे भविष्य में किसी भी प्रकार के विवाद की संभावना भी काफी हद तक खत्म हो गई है।

Related Topics: