रजनी पाटिल 12 से 15 मई तक चार नगर निगमों में करेंगी चुनाव प्रचार
कांग्रेस की प्रदेश मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल 12 से 15 मई तक हिमाचल प्रदेश के चार नगर निगम क्षेत्रों का दौरा करेंगी। इस दौरान वह रोड शो, चुनावी सभाओं और पत्रकार वार्ताओं के माध्यम से पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार अभियान चलाएंगी।
शिमला
सोलन से शुरू होगा चुनावी दौरा
अखिल भारतीय कांग्रेस कार्यसमिति की सदस्य एवं प्रदेश मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल 12 मई से हिमाचल प्रदेश के चार नगर निगमों में चुनाव प्रचार अभियान शुरू करेंगी। प्रदेश संगठन महामंत्री विनोद जिंटा ने जानकारी देते हुए बताया कि रजनी पाटिल 12 मई को दोपहर बाद 3:30 बजे सोलन पहुंचेंगी। यहां वह नगर निगम सोलन का घोषणापत्र जारी करने के बाद विभिन्न वार्डों में रोड शो करेंगी और मतदाताओं से कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में मतदान की अपील करेंगी। इस दिन उनका रात्रि विश्राम शिमला में रहेगा।
मंडी में करेंगी चुनावी सभाएं
13 मई को रजनी पाटिल शिमला से मंडी के लिए रवाना होंगी। मंडी नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में वह चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगी और पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार करेंगी। इसके साथ ही वह पत्रकार वार्ता में भी भाग लेंगी। कार्यक्रम के बाद उनका रात्रि विश्राम पालमपुर में निर्धारित किया गया है।
पालमपुर और धर्मशाला में भी रोड शो
14 मई को रजनी पाटिल पालमपुर नगर निगम के विभिन्न वार्डों में रोड शो और जनसंपर्क अभियान में भाग लेंगी। इसके बाद वह धर्मशाला के लिए रवाना होंगी। 15 मई को धर्मशाला नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में वह चुनाव प्रचार करेंगी तथा मतदाताओं से कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में मतदान करने की अपील करेंगी।
पत्रकार वार्ता के बाद दिल्ली होंगी रवाना
धर्मशाला दौरे के दौरान रजनी पाटिल पत्रकार वार्ता को भी संबोधित करेंगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वह 15 मई को दोपहर बाद 2:30 बजे दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगी। पार्टी संगठन की ओर से सभी कार्यक्रमों की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।