पंचायत खारयालता और डीहर को जोड़ने वाली रौणखर पुली क्षतिग्रस्त

ग्रामीणों की समस्या , अधिकारियों ने किया निरीक्षण और समाधान का आश्वासन

क्षतिग्रस्त पुली से आवाजाही हुई खतरनाक
उप-तहसील जोल के अंतर्गत ग्राम पंचायत खारयालता और पंचायत डीहर को जोड़ने वाली रौणखर पुली, जो वर्षों पुरानी है, कुछ दिन पहले क्षतिग्रस्त हो गई। पुली के टूटने से ग्रामीणों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने पुली का निरीक्षण कर स्थिति को गंभीर बताया और त्वरित समाधान का भरोसा दिया।

भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने क्षतिग्रस्त पुली पर भारी वाहनों की आवाजाही पर तुरंत रोक लगाई है। सड़क किनारे चेतावनी बोर्ड लगाकर हल्के वाहनों को सावधानी से पार करने की सलाह दी गई है। किसी भी आदेश का उल्लंघन करने पर व्यक्ति स्वयं जिम्मेदार होगा।

ग्रामीणों की मांग : जल्द बने डायवर्सन
स्थानीय ग्रामीणों ने अधिकारियों से मांग की है कि पुली के समीप डायवर्सन जल्द से जल्द बनाया जाए। इससे सरकारी और निजी स्कूलों की बसों में सफर कर रहे स्कूली बच्चों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। ग्रामीणों ने पुली के निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू करने की भी अपील की।

अधिकारियों का आश्वासन
लोक निर्माण विभाग के उप-विभागीय अधिकारी जोल , भानु ओहरी ने बताया कि पुली क्षतिग्रस्त होने का मामला विभाग के संज्ञान में है। निरीक्षण के बाद पुली पर भारी वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई है। उन्होंने बताया कि जल्द ही डायवर्सन बनाया जाएगा और पुली के पुनर्निर्माण का कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा। ग्रामीणों को आश्वासन दिया गया कि समस्या का समाधान प्राथमिकता पर किया जाएगा।