राष्ट्रीय स्वर्ण विजेता रविंद्र प्रकाश को मिला हिमाचल के श्रेष्ठ कोच का सम्मान
सिरमौर के धारटीधार क्षेत्र के बिरला निवासी शूटिंग कोच रविंद्र प्रकाश को हिमाचल के श्रेष्ठ कोच अवार्ड से सम्मानित किया गया है। शिमला में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया। भारतीय सेना में सूबेदार रहे रविंद्र प्रकाश निशानेबाजी में राष्ट्रीय स्वर्ण पदक भी जीत चुके हैं और अब खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दे रहे हैं।
नाहन
सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद रविंद्र प्रकाश वर्तमान में इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स कांप्लेक्स शिमला में सरकारी शूटिंग कोच के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। प्रदेश स्तर पर उनके प्रशिक्षण कौशल और निशानेबाजी के क्षेत्र में योगदान को देखते हुए उन्हें श्रेष्ठ कोच के सम्मान के लिए चुना गया। उनकी इस उपलब्धि से धारटीधार क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
419 खिलाड़ियों को 17.85 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि
शिमला में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर हिमाचल का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को हिम रतन-2026 पुरस्कार से सम्मानित किया गया। प्रदेश के कुल 419 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को 17.85 करोड़ रुपये के चेक वितरित किए गए। इनमें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धियां हासिल करने वाले 51 खिलाड़ियों को 13.55 करोड़ रुपये और राष्ट्रीय स्तर के 368 खिलाड़ियों को 4.30 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि दी गई।
एथलेटिक्स की विभिन्न अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में रजत पदक विजेता सावन बरवाल को 2.64 करोड़ रुपये तथा कांस्य पदक विजेता सीमा कुमारी को 1.99 करोड़ रुपये प्रदान किए गए। अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय क्रिकेट प्रतियोगिताओं के लिए रेणुका को 2.20 करोड़ रुपये दिए गए। कबड्डी खिलाड़ी पुष्पा राणा और भावना ठाकुर को 1.04-1.04 करोड़ रुपये, जबकि रितु नेगी और ज्योति ठाकुर को 1.02-1.02 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।