Loading...

Road Accident / गगरेट के दियोली में तेज रफ्तार कार ने मचाया कहर, खड़ी गाड़ियों को मारी टक्कर

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 12 Apr 2026 • 1 Min Read

Himachalnow / ऊना / वीरेंद्र बन्याल

गगरेट उपमंडल के दियोली गांव में देर रात तेज रफ्तार कार के कारण हादसा हो गया, जिसमें सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों को भारी नुकसान पहुंचा। हालांकि इस घटना में किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ऊना/गगरेट

देर रात हुआ हादसा

ऊना जिले के गगरेट उपमंडल के अंतर्गत दियोली गांव में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। बीती देर रात एक अनियंत्रित कार ने सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों को टक्कर मार दी। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जानी नुक्सान नहीं हुआ, लेकिन गाड़ियों को भारी क्षति पहुंची है। पुलिस ने मामले में संज्ञान लेते हुए केस दर्ज कर लिया है।

खड़ी गाड़ी और ट्रक से टकराई कार

दियोली निवासी संतोष कुमार ने बताया कि उन्होंने अपनी गाड़ी घर के बाहर खड़ी की थी। रात करीब 12:45 बजे तेज आवाज सुनकर जब वह बाहर आए तो देखा कि एक सफेद कार पहले उनकी गाड़ी से टकराई और फिर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उनकी गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कार का बोनट उसमें फंस गया।

लापरवाही से हुआ हादसा

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि कार चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही के चलते पहले खड़ी गाड़ी को टक्कर मारी और फिर ट्रक से टकरा गया। हादसे के समय कार में दो युवक सवार थे, जिनकी पहचान पर्व पुत्र राजेश कुमार और अमन पुत्र वलवीर राय निवासी चलेट के रूप में हुई है।

पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

डीएसपी अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।