सड़क सुरक्षा अभियान के तहत जागरूकता शिविर आयोजित
Himachalnow / ऊना / वीरेंद्र बन्याल
हिम गौरव आईटीआई संतोषगढ़ में युवाओं को सड़क सुरक्षा नियमों का महत्व बताया गया
ऊना। सड़क सुरक्षा अभियान के तहत वीरवार को हिम गौरव आईटीआई, संतोषगढ़ में नेहरू युवा केंद्र ऊना और क्षेत्रीय परिवहन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने की। इस दौरान नेहरू युवा केंद्र ऊना और हिम गौरव आईटीआई के महाप्रबंधक संजय जोशी ने उपायुक्त को छाल टोपी और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
नुक्कड़ नाटक और जागरूकता सत्र
शिविर में नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से बच्चों और युवाओं को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। उपायुक्त ने अपने संबोधन में कहा कि अत्यधिक तेज गति, लापरवाही से ओवरटेक करना और सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी दुर्घटनाओं के मुख्य कारण हैं। उन्होंने सभी से अपनी जिम्मेदारी समझने और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की।
“गुड स्मार्टियंस” योजना की जानकारी
उपायुक्त ने “गुड स्मार्टियंस” योजना के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह योजना सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की मदद को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शुरू की गई है। इसके तहत, दुर्घटना के शिकार व्यक्ति को “गोल्डन आवर” में अस्पताल पहुंचाने वाले व्यक्ति को प्रशस्ति पत्र और ₹5000 नकद पुरस्कार दिया जाता है। यह योजना केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा चलाई जा रही है।
नेताजी सुभाष चंद्र बोस को श्रद्धांजलि
शिविर के दौरान नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर उनके जीवन और बलिदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
भाषण और प्रतियोगिताएं
हिम गौरव आईटीआई के ट्रेनियों ने सड़क सुरक्षा नियमों पर भाषण, पोस्टर मेकिंग और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं में भाग लिया। इन प्रतियोगिताओं में अव्वल रहे प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया।
प्रमुख व्यक्तियों की उपस्थिति
शिविर में क्षेत्रीय प्रबंधक अशोक कुमार, एनवाईके ऊना के जिला समन्वयक प्रदीप कुमार, हिम गौरव आईटीआई के प्रधानाचार्य इंजीनियर अन्नया जोशी, प्रबंधक रणवीर सिंह, ग्रुप अनुदेशक मुकेश कुमार, अनुदेशक नवीन और आईटीआई का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।