Loading...

टकोली स्कूल में सात दिवसीय एनएसएस शिविर का शुभारंभ

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

उप तहसील जोल एवं ग्राम पंचायत टकोली के अंतर्गत आने वाले राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टकोली में शनिवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के विशेष सात दिवसीय शिविर का शुभारंभ हुआ। शिविर का आयोजन 3 अक्टूबर से 9 अक्टूबर तक किया जा रहा है, जिसमें विद्यालय के 31 एनएसएस स्वयंसेवी भाग ले रहे हैं।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

शिविर का शुभारंभ ग्राम पंचायत सोहारी की प्रधान श्रीमती सुषमा देवी, पंचायत सदस्य एवं एसएमसी प्रधान श्रीमती मोनिका देवी द्वारा किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथियों ने स्वयंसेवियों को एनएसएस के उद्देश्यों और समाज सेवा के महत्व से अवगत करवाते हुए शिविर के दौरान मिल-जुलकर कार्य करने तथा अनुशासन बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।

मुख्य अतिथियों ने स्वयंसेवियों को माता-पिता एवं बुजुर्गों का सम्मान करने तथा समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने का संदेश दिया। उन्होंने युवाओं को नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रहने और अपने जीवन को सकारात्मक एवं रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने के लिए भी प्रेरित किया।

सात दिवसीय शिविर के दौरान एनएसएस स्वयंसेवी विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक, स्वच्छता, जागरूकता एवं सेवा गतिविधियों में भाग लेकर समाज सेवा की भावना को मजबूत करेंगे। स्वयंसेवियों को टीम भावना, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक करने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा।

विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री मनिंदर कुमार ने शिविर के सफल आयोजन के लिए एनएसएस इकाई को शुभकामनाएं दीं तथा स्वयंसेवियों से शिविर की सभी गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लेने का आह्वान किया।

इस अवसर पर एनएसएस प्रभारी श्रीमती पूजा कुमारी, श्रीमती वर्षा देवी सहित विद्यालय के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।