Loading...

रोहड़ू में 12वीं के दो छात्र लापता, पब्बर नदी किनारे मिले कपड़े और जूते

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 2 Hours Ago • 1 Min Read

रोहड़ू में 12वीं कक्षा के दो 16 वर्षीय छात्र पब्बर नदी के किनारे जाने के बाद लापता हो गए हैं। तलाशी के दौरान नदी किनारे उनके कपड़े और जूते मिले, जिनकी पहचान परिजनों ने की। पुलिस, प्रशासन, अग्निशमन विभाग और स्थानीय गोताखोरों की टीमें दोनों छात्रों की तलाश में जुटी हैं।

रोहड़ू

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक बाल विद्यालय रोहड़ू में पढ़ने वाले शिवेन निवासी करासा और सक्षम निवासी बनोटी (देवीधार) मंगलवार को पब्बर नदी के किनारे गए थे। शाम तक दोनों के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने देर रात करीब 11:30 से 12 बजे के बीच पुलिस थाना रोहड़ू में उनकी गुमशुदगी की सूचना दी। इसके बाद शुरू हुई तलाशी के दौरान नदी किनारे दोनों छात्रों के कपड़े और जूते बरामद हुए। परिजनों की ओर से इनकी पहचान किए जाने के बाद रात से ही तलाश अभियान तेज कर दिया गया।

एनडीआरएफ की विशेष टीम भी बुलाई

दोनों छात्रों की तलाश के लिए प्रशासन, पुलिस, अग्निशमन विभाग और स्थानीय गोताखोरों की टीमें संयुक्त अभियान चला रही हैं। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की विशेष टीम को भी बुलाया गया है। पब्बर नदी के दोनों किनारों के साथ सावड़ा और निचले बांध क्षेत्र तक खोजबीन की जा रही है। उपमंडलाधिकारी रोहड़ू धर्मेश रामोत्रा ने बताया कि प्रशासन और पुलिस की टीमें लापता छात्रों का पता लगाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही हैं।

Related Topics: