बड़ू साहिब यूनिवर्सिटी में सनसनी, छात्राओं के शौचालय में संदिग्ध वीडियो रिकॉर्डिंग का आरोप
सिरमौर जिला के बड़ू साहिब स्थित यूनिवर्सिटी परिसर में छात्राओं के शौचालय में संदिग्ध वीडियो रिकॉर्डिंग का आरोप लगने से हड़कंप मच गया। आरोप के बाद सफाई कर्मचारी को हिरासत में लेकर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद परिसर में छात्राओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
नाहन/राजगढ़
सिरमौर जिला के बड़ू साहिब स्थित यूनिवर्सिटी परिसर में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब एक सफाई कर्मचारी पर छात्राओं के शौचालय के भीतर कथित तौर पर वीडियो बनाने का आरोप लगा। घटना सामने आते ही परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और छात्राओं में भारी रोष देखने को मिला।मिली जानकारी के अनुसार, सुबह के समय कुछ छात्राओं को शौचालय के आसपास संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दीं। शक होने पर जब छात्राओं ने स्थिति पर नजर रखी तो वहां मौजूद एक सफाई कर्मचारी पर मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर वीडियो रिकॉर्डिंग करने का आरोप लगाया गया। इसके बाद छात्राओं ने उसे मौके पर पकड़ लिया और मामले की सूचना तुरंत यूनिवर्सिटी प्रशासन को दी।
घटना की खबर परिसर में फैलते ही बड़ी संख्या में छात्राएं एकत्रित हो गईं। मामले की गंभीरता को देखते हुए यूनिवर्सिटी प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।आरोपी की पहचान 26 वर्षीय छेदन साहू निवासी झारखंड के रूप में बताई जा रही है, जो कुछ समय से यूनिवर्सिटी में सफाई कर्मचारी के तौर पर कार्यरत था। पुलिस ने आरोपी के मोबाइल फोन सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को जांच के दायरे में लिया है। अब यह भी जांच की जा रही है कि कहीं इससे पहले भी ऐसी कोई गतिविधि तो नहीं हुई।
घटना के बाद परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े होने लगे हैं। सूत्रों के अनुसार, संस्थान में बड़ी संख्या में छात्राएं अध्ययनरत हैं, लेकिन महिला सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति को लेकर पहले भी चर्चाएं होती रही हैं। ताजा घटना के बाद छात्राओं और अभिभावकों की चिंता और बढ़ गई है। छात्राओं ने दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठाई है।यूनिवर्सिटी प्रशासन की ओर से प्रोफेसर बेनीपाल ने कहा कि घटना की जानकारी मिलते ही तत्काल पुलिस को सूचित किया गया। उन्होंने कहा कि छात्राओं की सुरक्षा संस्थान की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस प्रकार की घटनाओं को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी वी.सी. नेगी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
