Loading...

15 और 16 जुलाई को धर्मशाला में राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र में बालिका कबड्डी खिलाड़ियों के चयन ट्रायल आयोजित होंगे

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 1 Hour Ago • 1 Min Read

भारतीय खेल प्राधिकरण के राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र (एनसीओई), धर्मशाला में 15 और 16 जुलाई को बालिका कबड्डी खिलाड़ियों के लिए चयन परीक्षण आयोजित किए जाएंगे। चयनित खिलाड़ियों को आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत उच्च स्तरीय कोचिंग, खेल किट, चिकित्सा सुविधाएं और खेल विज्ञान विशेषज्ञों का सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

धर्मशाला

15 और 16 जुलाई को होगा चयन परीक्षण

भारतीय खेल प्राधिकरण (स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया-एसएआई) के राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र (एनसीओई), धर्मशाला द्वारा 15 एवं 16 जुलाई, 2026 को बालिका कबड्डी खिलाड़ियों के लिए चयन परीक्षण आयोजित किया जाएगा। चयन प्रक्रिया राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र, खेल परिसर, क्रिकेट स्टेडियम के निकट, धर्मशाला में संपन्न होगी। चयन परीक्षण के लिए अभ्यर्थियों की रिपोर्टिंग 15 जुलाई को प्रातः 8:00 बजे निर्धारित की गई है।

चयनित खिलाड़ियों को मिलेंगी आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं

सहायक निदेशक, राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र धर्मशाला ने बताया कि चयनित खिलाड़ियों को एसएआई के आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा उच्च स्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही खिलाड़ियों को स्पोर्ट्स किट, आधुनिक प्रशिक्षण उपकरण, प्रतियोगिताओं में भागीदारी, शैक्षणिक सहायता, निःशुल्क चिकित्सा सुविधाएं तथा खेल विज्ञान विशेषज्ञों का सहयोग भी प्रदान किया जाएगा। हालांकि चयन परीक्षण में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के लिए भोजन एवं आवास की व्यवस्था उपलब्ध नहीं होगी।

इन आयु वर्ग की खिलाड़ी होंगी पात्र

चयन परीक्षण में अंडर-18 (यू-18) वर्ग की वे खिलाड़ी पात्र होंगी जिनकी जन्मतिथि 1 अप्रैल 2008 से 31 मार्च 2010 के बीच हो। इसके अतिरिक्त 19 से 20 वर्ष आयु वर्ग की उत्कृष्ट खिलाड़ी, जिनकी जन्मतिथि 1 अप्रैल 2006 से 31 मार्च 2007 के बीच है, भी आवेदन कर सकती हैं। चयन प्रक्रिया में 16 से 18 वर्ष आयु वर्ग की पात्र खिलाड़ियों को प्राथमिकता दी जाएगी।

खेल उपलब्धि और दस्तावेज होंगे अनिवार्य

चयन परीक्षण में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पदक विजेता होना अथवा भारतीय कबड्डी महासंघ (AKFI) से मान्यता प्राप्त अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं, सब-जूनियर, जूनियर, अंडर-18 राष्ट्रीय कबड्डी चैंपियनशिप, स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI), अंडर-17 राष्ट्रीय चैंपियनशिप, खेलो इंडिया यूथ गेम्स या सीनियर राष्ट्रीय कबड्डी चैंपियनशिप जैसी प्रतियोगिताओं में पदक प्राप्त होना आवश्यक है।रिपोर्टिंग के समय अभ्यर्थियों को जन्मतिथि प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, खेल उपलब्धि प्रमाण पत्र, शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र, चार पासपोर्ट आकार के फोटो तथा सभी मूल दस्तावेजों के साथ उनकी स्वप्रमाणित फोटो प्रतियां प्रस्तुत करनी होंगी। अधिक जानकारी के लिए इच्छुक खिलाड़ी 01892-224807 पर संपर्क कर सकते हैं।

Related Topics: