Loading...

सलोह-घालूवाल दंगल में दिनेश गुलिया बने विजेता, उप मुख्यमंत्री ने पहलवानों को किया सम्मानित

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 58 Mins Ago • 1 Min Read

सलोह-घालूवाल में आयोजित दंगल में हरियाणा के झज्जर निवासी दिनेश गुलिया विजेता और अजनाला के भूपिंदर उपविजेता रहे। दंगल में पहुंचे उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने दोनों पहलवानों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने आयोजन समिति को एक लाख रुपये की सहयोग राशि देने के साथ सलोह में तालाब और स्वर्ग धाम के निर्माण के लिए कुल 75 लाख रुपये देने की घोषणा की।

सलोह-घालूवाल दंगल में दिनेश गुलिया बने विजेता, उप मुख्यमंत्री ने पहलवानों को किया सम्मानित

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री मंगलवार देर शाम लखदाता दंगल कमेटी सलोह एवं घालूवाल की ओर से आयोजित दंगल में शामिल हुए। दंगल कमेटी और पंचायत प्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने मुकाबलों में भाग लेने वाले पहलवानों का उत्साह बढ़ाया और विजेता एवं उपविजेता को सम्मानित किया। दंगल में हरियाणा के झज्जर निवासी दिनेश गुलिया ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि अजनाला के भूपिंदर दूसरे स्थान पर रहे।

सलोह-घालूवाल दंगल में दिनेश गुलिया बने विजेता, उप मुख्यमंत्री ने पहलवानों को किया सम्मानित

उप मुख्यमंत्री ने विजेता दिनेश गुलिया को 76 हजार रुपये, गुर्ज और चांदी का कड़ा भेंट किया। उपविजेता भूपिंदर को 55 हजार रुपये और चांदी का कड़ा प्रदान किया गया। मुकेश अग्निहोत्री ने सफल आयोजन के लिए दोनों पंचायतों के प्रधानों और दंगल कमेटी के सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि दंगल में लोगों की भागीदारी और उत्साह लोक संस्कृति तथा पारंपरिक खेलों के प्रति उनके लगाव को दर्शाता है। ऐसे आयोजन पारंपरिक खेलों को प्रोत्साहन देने के साथ आपसी भाईचारा भी मजबूत करते हैं।

विकास कार्यों के लिए 75 लाख रुपये की घोषणा

मुकेश अग्निहोत्री ने खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दंगल कमेटी को एक लाख रुपये की सहयोग राशि प्रदान की। इसके अलावा उन्होंने सलोह में तालाब निर्माण के लिए 50 लाख रुपये और वार्ड नंबर तीन में स्वर्ग धाम के निर्माण के लिए 25 लाख रुपये देने की घोषणा की। कार्यक्रम में घालूवाल पंचायत की प्रधान कमलेश देवी, सलोह पंचायत के प्रधान राजन, अन्य पंचायत प्रतिनिधि, दंगल कमेटी के सदस्य, स्थानीय लोग और बड़ी संख्या में दंगल प्रेमी मौजूद रहे।