मुकेश अग्निहोत्री ने बाबा सोमनाथ को दी श्रद्धांजलि, हरोली स्वर्गधाम के लिए 25 लाख की घोषणा
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बुधवार को हरोली स्थित डेरा बाबा सोमनाथ में उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने डेरे के गद्दीनशीन बाबा शिवनाथ से आशीर्वाद प्राप्त किया और हरोली में स्वर्गधाम के निर्माण के लिए 25 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास में धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक सरोकारों को भी समान महत्व दिया जा रहा है।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि बाबा शिवनाथ विकास के पक्षधर हैं और हरोली क्षेत्र के विकास को लेकर समय-समय पर अपने सुझाव देते रहते हैं। उनके सुझाव क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बताया कि हरोली में विकास कार्य लगातार किए जा रहे हैं और स्थानीय लोगों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया है।
न्यू हरोली में बनेंगे बड़े कार्यालयों के भवन
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र में विकास की नई दिशा तय की जा रही है। क्षेत्र को न्यू हरोली के रूप में विकसित करने की योजना के तहत विभिन्न बड़े कार्यालयों के भवन बनाए जाएंगे। इनमें से कई भवनों का निर्माण कार्य प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों से क्षेत्र में प्रशासनिक सुविधाओं का विस्तार होगा और लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न सेवाएं उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि हरोली का विकास केवल आधारभूत ढांचे तक सीमित नहीं रखा गया है। धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक आवश्यकताओं से जुड़े कार्यों को भी प्राथमिकता दी जा रही है। हरोली में स्वर्गधाम के निर्माण के लिए 25 लाख रुपये देने की घोषणा इसी दिशा में उठाया गया कदम है। कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री ने बाबा सोमनाथ की स्मृतियों को नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।