सनियो दीदग में अंडर-19 लड़कों की खेलकूद प्रतियोगिता शुरू, 350 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सनियो दीदग में मंगलवार को राजगढ़ शिक्षा खंड की अंडर-19 लड़कों की खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता शुरू हुई। एसडीएम राजगढ़ राजकुमार ठाकुर ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इसमें 30 स्कूलों के करीब 350 छात्र खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
राजगढ़
विद्यालय परिसर में आयोजित उद्घाटन समारोह में सहायक आयुक्त एवं बीडीओ उमेश शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का आगाज किया। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए एसडीएम राजकुमार ठाकुर ने कहा कि जीत और हार खेल का हिस्सा हैं, लेकिन हार को अंत नहीं मानना चाहिए। लगातार मेहनत और प्रयास से खिलाड़ी अपनी कमियों को दूर कर सफलता की नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकते हैं। स्कूल स्तर से खंड, जिला, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचना खिलाड़ियों के लिए गौरव की बात है।
एसडीएम ने खिलाड़ियों से खेलों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेल शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर रखने के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विशिष्ट अतिथि उमेश शर्मा ने कहा कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं हैं। इनसे युवाओं को अनुशासन, सहयोग, संघर्ष और असफलता के बाद दोबारा उठकर आगे बढ़ने की सीख मिलती है। उन्होंने प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
प्रतियोगिता के प्रबंधक सचिव एवं विद्यालय प्रधानाचार्य श्याम सिंह ने बताया कि इसमें राजगढ़ शिक्षा खंड के 22 वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों और आठ उच्च विद्यालयों के करीब 350 छात्र खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। उद्घाटन समारोह में पंचायत प्रतिनिधि वेद प्रकाश ठाकुर, पूर्व एडीपीओ रमेश सरेक, एसएमसी अध्यक्ष संजीव, पूर्व प्रधान आशा प्रकाश, छोटाली पंचायत प्रधान उजागर सिंह, नितेश ठाकुर, अरुण चौहान, रणबीर ठाकुर, प्रेमपाल आर्य और जीवन सिंह राणा सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।