युवाओं को खेलों से जोड़ने और नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश दे रहा टूर्नामेंट, प्रदेश सहित बाहरी राज्यों की टीमें भी ले रहीं हिस्सा
सतीवाला क्रिकेट ग्राउंड में आयोजित नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट में हिमाचल सहित बाहरी राज्यों की कुल 42 टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ना और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखना है। रात्रिकालीन मुकाबलों और लाइव प्रसारण के चलते क्षेत्र में खेलों को लेकर उत्साह का माहौल बना हुआ है।
नाहन
नाहन विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत सतीवाला क्रिकेट ग्राउंड में आयोजित नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट इन दिनों खेल प्रेमियों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। 13 जून से शुरू हुए इस टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट में कुल 42 टीमें भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश के अलावा पड़ोसी राज्यों की टीमें भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं।टूर्नामेंट का प्रथम चरण नाहन शहर कांग्रेस अध्यक्ष एवं पार्षद कपिल गर्ग उर्फ मोंटी गर्ग की मुख्य आतिथ्य में शुरू हुआ था, जबकि दूसरे चरण का शुभारंभ एल्जन फार्मा के जनरल मैनेजर एवं प्रख्यात समाजसेवी रोहित शर्मा ने किया।
सतीवाला क्रिकेट क्लब के यमन और उनके सहयोगियों द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना तथा उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखना है। प्रतियोगिता के मुकाबले रात्रि में खेले जा रहे हैं, जिससे क्षेत्र में उत्साह का माहौल बना हुआ है। टूर्नामेंट का सीधा प्रसारण भी किया जा रहा है। वहीं निष्पक्ष और बेहतर संचालन के लिए हरियाणा से अनुभवी अंपायरों को आमंत्रित किया गया है।इस अवसर पर रोहित शर्मा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक फिटनेस का माध्यम नहीं बल्कि अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक सोच का भी आधार हैं। उन्होंने कहा कि युवा यदि खेल मैदानों से जुड़ेंगे तो नशे जैसी बुराइयों से स्वतः दूर रहेंगे। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने और अपने क्षेत्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
वहीं कपिल गर्ग उर्फ मोंटी गर्ग ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि खेलों से जहां शरीर स्वस्थ रहता है, वहीं समाज में भाईचारे और एकता की भावना भी मजबूत होती है। उन्होंने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी हर संभव सहयोग का भरोसा दिया।आयोजकों ने बताया कि टूर्नामेंट का समापन मुकाबला रविवार को खेला जाएगा, जिसमें विजेता और उपविजेता टीमों को सम्मानित किया जाएगा।