Category: Cricket

Cricket news

  • रेणुका ठाकुर का हिमाचल आगमन , विश्व कप विजेता का रोहडू में हुआ भव्य स्वागत

    रेणुका ठाकुर का हिमाचल आगमन , विश्व कप विजेता का रोहडू में हुआ भव्य स्वागत

    आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप जीतने के बाद भारतीय टीम की तेज गेंदबाज रेणुका ठाकुर सोमवार को अपने गृह क्षेत्र रोहडू पहुंचीं, जहाँ उनका स्वागत उत्सव जैसा रहा। पूरे रास्ते में लोगों ने उन्हें कंधों पर उठाकर, फूल मालाओं से स्वागत किया और जयकारे लगाए।

    रोहडू

    हाटकोटी मंदिर में पूजा के बाद किया प्रवेश
    चंडीगढ़ से सुबह सात बजे निकली रेणुका ठाकुर दोपहर बाद हाटकोटी मंदिर पहुँचीं, जहाँ उन्होंने मां सुनीता ठाकुर, भाई विनोद ठाकुर और भाभी के साथ पूजा-अर्चना की। मंदिर में करीब एक घंटे तक रहीं और इसके बाद गांव की ओर रवाना हुईं। महेंदली में सवर्ण समाज के लोगों ने उन्हें ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत जुलूस में कंधों पर उठाकर आगे बढ़ाया।

    विधायक और प्रशासन ने किया सम्मानित
    रोहडू पहुंचने पर विधायक मोहन लाल ब्राक्टा और एसडीएम धर्मेश रमोत्रा ने प्रशासन की ओर से शाल, टोपी और चांदी का मुकुट पहनाकर उनका सम्मान किया। इस अवसर पर रेणुका के परिवार को भी सम्मानित किया गया। सभागार में रेणुका ठाकुर की बायोग्राफी भी प्रदर्शित की गई, जिसमें बताया गया कि किस तरह उन्होंने 13 वर्ष की उम्र में क्रिकेट में कदम रखा और आज विश्व कप जीत तक का सफर तय किया।

    परिवार का गर्व और भावनाएँ
    रेणुका की माँ सुनीता ठाकुर ने कहा कि बेटी ने न केवल परिवार बल्कि प्रदेश और देश का नाम ऊंचा किया है। पिता केहर सिंह का निधन तब हुआ था जब रेणुका दो वर्ष की थीं। माँ ने बताया कि मेहनत और परिवार के सहयोग से आज बेटी ने अपने पिता का सपना साकार कर दिखाया है।

    चाचा ने पहचानी प्रतिभा, दिलाया मुकाम
    रेणुका ठाकुर के चाचा भूपेंद्र सिंह ठाकुर ने सबसे पहले उनके भीतर छिपी प्रतिभा को पहचाना और उन्हें 13 साल की उम्र में हिमाचल प्रदेश क्रिकेट अकादमी, धर्मशाला तक पहुँचाया। रेणुका ने कहा कि मां से मेहनत की प्रेरणा और चाचा से दिशा मिली। विश्व कप जीतने के बाद लड़कियों में क्रिकेट के प्रति रुचि बढ़ेगी और आने वाले टूर्नामेंट के लिए अभी से प्रयास शुरू कर दिए गए हैं।

    तनाव में भी बनाए रखा संतुलन
    रेणुका ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान तनाव बना रहता था, लेकिन ड्रेसिंग रूम में सकारात्मक माहौल बनाए रखने के लिए वह पेंटिंग बनाया करती थीं। मोर की पेंटिंग उनके लिए प्रेरणा का स्रोत रही। उन्होंने कहा कि मेहनत और आत्मविश्वास से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

    प्रधानमंत्री से मुलाकात का अनुभव
    रेणुका ने बताया कि प्रधानमंत्री से मुलाकात करना गर्व का क्षण था। उन्होंने कहा कि यदि सरकारें प्रतिभाओं को समय पर मंच और प्रोत्साहन दें, तो हर युवा देश के लिए गौरव बन सकता है। हिमाचल सरकार द्वारा उन्हें दी गई ईनामी राशि के लिए उन्होंने धन्यवाद भी दिया।

    गांव में खुशी और सम्मान समारोह
    गांव पारसा में रेणुका ठाकुर के सम्मान में धाम का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों लोगों ने भाग लिया। लोगों ने रेणुका के साथ सेल्फी ली, ऑटोग्राफ लिए और उनके सम्मान में गीत गाए। रेणुका ने अपनी मां का हाथ थामे पूरे समारोह में भावुक होकर आशीर्वाद लिया।

  • IPL 2025 / धर्मशाला में 4 मई के मैच की ऑनलाइन टिकट बिक्री शुरू

    IPL 2025 / धर्मशाला में 4 मई के मैच की ऑनलाइन टिकट बिक्री शुरू

    IPL 2025: सोमवार को पंजाब किंग्स की ओर चार मई को होने वाले पंजाब और लखनऊ की बीच मैच की टिकटों की ऑनलाइन बिक्री शुरू कर दी गई है। कितना है टिकट का रेट जानने के लिए पढ़ें पूरी खबर…

    अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में होने वाले आईपीएल में इस बार पिछले साल के मुकाबले 300 रुपये कम दाम में सबसे सस्ता टिकट मिल रहा है। सोमवार को पंजाब किंग्स की ओर चार मई को होने वाले पंजाब और लखनऊ की बीच मैच की टिकटों की ऑनलाइन बिक्री शुरू कर दी गई है। इसमें 1200 रुपये में सबसे सस्ता टिकट मिल रहा था। इसका स्टेडियम में केवल एक ही स्टैंड होगा। जबकि पिछले साल सबसे सस्ते टिकट के चार स्टैंड उपलब्ध थे। 1200 रुपये के सस्ते टिकट का एक स्टैंड आधे घंटे में ही बुुक हो गया। 1200 रुपये के बाद 1500 रुपये, 3500 और 6000 रुपये की टिकट भी वेबसाइट पर उपलब्ध है। जबकि पेवेलियन टैरेस और क्लब लॉज के टिकटों की बिक्री शुरू नहीं की है। अभी तक केवल स्टेडियम के कुल 14 स्टैंडों में अभी तक केवल नौ स्टैंड की टिकटों की बिक्री शुरू की है।

    फ्रेंचाइजी की ओर इस बार टिकटों के दामों में कटौती करते हुए क्रिकेट प्रेमियों को राहत दी है। जो पिछले साल टिकट 1500 रुपये की थी वो इस बार 1200 और 1500 रुपये में मिल रही है। जबकि 2000 रुपये वाला टिकट 1500 रुपये मिलेगा। वहीं पिछले साल 7500 रुपये वाले स्टैंड का टिकट इस बार 6000 रुपये में मिल रहा है। इन टिकट को बुक करते समय जीएसटी और टिकट शुल्क अतिरिक्त देना पड़ेगा। जानकारी के अनुसार टिकटों को मांग के साथ इसके दामों भी फ्रेंचाइजी इजाफा कर सकती है। वहीं 8 और 11 मई के मैचों के दामों के टिकटों के दामों में भी बदलाव हो सकता है। पौने घंटे के अंदर ही वेबसाइट पर 1200 और 1500 रुपये के टिकटों के पांच स्टैंड सोल्ड आउट हो गए।

    किस स्टैंड में टिकट का कितना दाम

    स्टैंड2024 में दाम2025
    वेस्ट स्टैंड-31500 रुपये 1200 रुपये
    ईस्ट स्टैंड-11500 रुपयेउपलब्ध नहीं
    वेस्ट स्टैंड-22000 रुपये1500 रुपये
    नॉर्थ वेस्ट स्टैंड2000 रुपये1500 रुपये
    ईस्ट स्टैंड-22000 रुपये 1500 रुपये
    वेस्ट स्टैंड-17500 रुपये6000 रुपये
    नॉर्थ-1 स्टैंड1500 रुपये  1500 रुपये
    नॉर्थ-2 स्टैंड 1500 रुपये  1500 रुपये
    ईस्ट स्टैंड-37500 रुपये6000 रुपये
    नार्थ पैवेलियन….. 3500 रुपये
    नॉर्थ-1 लेवल-12000 रुपये ——–
    नॉर्थ-2 लेवल-12000 रुपये———
    पैवेलियन टैरेस 10,000 रुपयेउपलब्ध नहीं
    क्लब लॉज  18,000 रुपयेउपलब्ध नहीं
  • सिरमौर क्रिकेट कप 2025 : तीसरे दिन के मैचों में पी आर सी मटीयाना और माइकल इलेवन ने दर्ज की जीत

    सिरमौर क्रिकेट कप 2025 : तीसरे दिन के मैचों में पी आर सी मटीयाना और माइकल इलेवन ने दर्ज की जीत

    नाहन : सिरमौर क्रिकेट कप 2025 के तीसरे दिन रोमांचक मुकाबलों में पी आर सी मटीयाना और माइकल इलेवन ने शानदार जीत दर्ज की।

    तीसरे दिन के मुकाबलों का विवरण
    पहले मैच में पी आर सी मटीयाना ने सी व एस. न. म. चंदनी को 4 रन से हराया। दूसरा मैच जे. के. डी बॉयज रूद्रा और एस. एम.सी.सी शरली के बीच खेला गया, जिसमें जे. के. डी बॉयज रूद्रा ने 5 विकेट से जीत हासिल की।

    तीसरे मुकाबले में माइकल इलेवन ने पी.सी.सी हरिपुधार को 3 विकेट से पराजित किया, जबकि चौथे मैच में गताधार वैली इलेवन ने जामल इलेवन को हराया।

    इसके बाद, पांचवें मैच में पी आर सी मटीयाना ने जे. के. डी बॉयज रूद्रा को हराया और छठे मुकाबले में माइकल इलेवन ने गताधार वैली इलेवन को 30 रन से मात दी। सातवें मैच का परिणाम अभी प्रतीक्षित है।

    मुख्य अतिथि और आयोजन की विशेषताएं
    इस अवसर पर डायरेक्टर मेटल क्लोजर प्राइवेट लिमिटेड किशोर कुमार सेठी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि जे.बी.टी. शिशु भारद्वाज विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

    डायनामिक यूथ एंड स्पोर्ट्स क्लब के मुख्य आयोजक ओपी ठाकुर ने बताया कि सिरमौर क्रिकेट कप 2025 का आयोजन “खेल खेलो, नशा छोड़ो” थीम के तहत किया जा रहा है। इसका उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखना और उन्हें खेलों की ओर प्रेरित करना है।

  • सिरमौर क्रिकेट कप: अंबाला ने हरिपुरधार को 7 विकेट से हराया , कई मुकाबले हुए रोमांचक

    सिरमौर क्रिकेट कप: अंबाला ने हरिपुरधार को 7 विकेट से हराया , कई मुकाबले हुए रोमांचक

    नाहन – जिला मुख्यालय नाहन के ऐतिहासिक चौगान मैदान में सिरमौर क्रिकेट कप 2025 का आयोजन जारी है। “खेल खेलो, नशा छोड़ो – खेलेगा युवा तो नशे से दूर रहेगा युवा” थीम पर आधारित इस टूर्नामेंट के दूसरे दिन सोमवार को कई रोमांचक मुकाबले खेले गए।

    लेबर एंड एंप्लॉयमेंट ने इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड पांवटा साहिब को हराया

    दिन का पहला मुकाबला इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड पांवटा साहिब और लेबर एंड एंप्लॉयमेंट की टीमों के बीच खेला गया। इस मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए लेबर एंड एंप्लॉयमेंट की टीम ने 40 रनों से जीत हासिल की और पुल-ए से सुपर 8 में जगह बनाई।

    अंबाला ने हरिपुरधार पर दर्ज की शानदार जीत

    दूसरे मुकाबले में यंगस्टर हरिपुरधार और सी.एस.के. अंबाला आमने-सामने थे। इस मुकाबले में अंबाला की टीम ने दमदार प्रदर्शन किया और 7 विकेट से मैच अपने नाम किया।

    कानसर ने श्री रेणुका जी बॉयज को 7 विकेट से हराया

    तीसरा मुकाबला डी.एन.एम. कानसर और श्री रेणुका जी बॉयज के बीच खेला गया। इस मैच में कानसर की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए 7 विकेट से जीत दर्ज की।

    ब्रदर यूनाइटेड की शानदार जीत

    चौथा मुकाबला शिलाई पैंथर और ब्रदर यूनाइटेड के बीच हुआ। ब्रदर यूनाइटेड की टीम ने इस मैच में शानदार खेल दिखाते हुए 8 विकेट से जीत दर्ज की।

    सुरला की महादेव इलेवन ने कोटला मोलर को दी मात

    पांचवें मुकाबले में महादेव इलेवन सुरला और एस.जी.सी. कोटला मोलर की टीमें भिड़ीं। इस मुकाबले में सुरला की टीम ने 8 विकेट से जीत हासिल की।

    अंबाला की दूसरी बड़ी जीत

    दिन के आखिरी यानी छठे मुकाबले में सी.एस.के. अंबाला और डी.एन.एम. कानसर की टीमें आमने-सामने थीं। इस मैच में अंबाला की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 8 विकेट से जीत दर्ज की।

    आयोजन समिति की भूमिका

    इस मौके पर डायनामिक यूथ एंड स्पोर्ट्स क्लब के मुख्य आयोजक ओ.पी. ठाकुर, योगी ठाकुर, अध्यक्ष सतीश राणा, धनवीर सिंह, विक्रम शर्मा, राहुल शर्मा, पृथ्वी ठाकुर, मनदीप ठाकुर, संदीप, कपिल देव, मनीष गतलोगी, शानू ठाकुर और दीपक शर्मा सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

  • हिमाचल प्रदेश मास्टर बैडमिंटन चैंपियनशिप संपन्न , मंडी के दातुल और कुल्लू की डिंपल बनीं हिमाचल चैंपियन

    हिमाचल प्रदेश मास्टर बैडमिंटन चैंपियनशिप संपन्न , मंडी के दातुल और कुल्लू की डिंपल बनीं हिमाचल चैंपियन

    शिमला, 24 फरवरी – सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन में आयोजित हिमाचल प्रदेश मास्टर बैडमिंटन चैंपियनशिप सोमवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गई। समापन समारोह की अध्यक्षता सिरमौर के पुलिस अधीक्षक निश्चिंत सिंह नेगी ने की, जबकि एडीएम एल.आर. वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने प्रतियोगिता के विजेताओं और उपविजेताओं को पुरस्कार वितरित किए और उन्हें राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।

    चैंपियनशिप के प्रमुख मुकाबले और विजेता

    35 वर्ष आयु वर्ग:

    • पुरुष एकल: मंडी के दातुल चौहान ने कांगड़ा के गौरव कपूर को हराकर खिताब जीता।
    • महिला एकल: कुल्लू की डिंपल ने कुल्लू की ही निशा ठाकुर को पराजित कर जीत दर्ज की।
    • पुरुष युगल: कांगड़ा के गौरव और संदीप की जोड़ी ने शांति स्वरूप और विक्रांत को हराया।
    • महिला युगल: कुल्लू की डिंपल और पिंकी की जोड़ी ने कांगड़ा की निशा और रीना राठौर को मात दी।
    • मिक्स्ड डबल्स: योगेश और डिंपल की जोड़ी ने विक्रांत और अनुपमा को हराकर खिताब जीता।

    40 वर्ष आयु वर्ग:

    • पुरुष एकल: सोलन के योगेश चौहान ने प्रिंस को हराया।
    • पुरुष युगल: शिमला के हिमांशु परमार और सनी पापटा ने कुल्लू के दीपक और प्रकाश को हराकर जीत दर्ज की।
    • मिक्स्ड डबल्स: संदीप और कॉलिन की जोड़ी ने मीनू और लालजी को हराया।

    45 वर्ष आयु वर्ग:

    • पुरुष एकल: हमीरपुर के सुशील ने कांगड़ा के हतींद्र सैनी को हराया।
    • महिला एकल: पिंकी रॉय ने रीना राठौर को पराजित किया।
    • पुरुष युगल: गौतम और ईश्वर की जोड़ी ने हमीरपुर के सुशील और प्रदीप को हराया।

    50 वर्ष आयु वर्ग:

    • पुरुष एकल: सोलन के महेंद्र चौहान ने शिमला के विकास सूद को हराया।
    • पुरुष युगल: सिरमौर के अजय और सुरेंद्र राणा की जोड़ी ने शिमला के विजय धौटा और विकास को हराया।

    55 वर्ष आयु वर्ग:

    • पुरुष एकल: ऊना के हरिंदर सिंह ने कांगड़ा के सुनील कुमार टाटा को पराजित किया।
    • पुरुष युगल: विपिन पाल और हरिंदर सिंह ने नीरज कांत और सुरेंद्र पाल को हराकर खिताब जीता।

    60 वर्ष आयु वर्ग:

    • पुरुष एकल: शिमला के चंद्रशेखर तुर्की ने मंडी के वी.डी. मोदगिल को हराया।
    • पुरुष युगल: चंद्रशेखर तुर्की और विष्णु दत्त मोदगिल की जोड़ी ने अशोक आंगरा और धर्मचंद को हराया।

    65 वर्ष आयु वर्ग:

    • पुरुष एकल: ग्रुप कैप्टन आर.एस. राजपूत ने मुकेश शर्मा को पराजित किया।
    • पुरुष युगल: बी.के. जोशी और ग्रुप कैप्टन आर.एस. राजपूत की जोड़ी ने सोलन के मुकेश और विजय वर्मा को हराया।

    70 वर्ष आयु वर्ग:

    • पुरुष एकल: सोलन के हरि दत्त ने जे.एस. वर्मा को हराकर खिताब जीता।

    राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ी

    हिमाचल प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव रमेश ठाकुर और सिरमौर जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के उपाध्यक्ष सुरेंद्र ठाकुर ने बताया कि इस प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ी 16 मार्च से गोवा के मापसा में आयोजित होने जा रही राष्ट्रीय मास्टर बैडमिंटन चैंपियनशिप में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।

    प्रतियोगिता में 11 जिलों के 200 खिलाड़ी हुए शामिल

    इस चैंपियनशिप में प्रदेश के 11 जिलों से लगभग 200 मास्टर बैडमिंटन महिला और पुरुष खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।

  • नशे के सौदागरों पर कड़ी कार्रवाई , गांव-गांव में सतर्कता समितियां गठित

    नशे के सौदागरों पर कड़ी कार्रवाई , गांव-गांव में सतर्कता समितियां गठित

    विधायक अजय सोलंकी बोले- नशे के खिलाफ अभियान बनेगा जनआंदोलन

    नाहन : जिला मुख्यालय नाहन के ऐतिहासिक चौगान मैदान में टूर्नामेंट के उद्घाटन अवसर पर पहुंचे विधायक अजय सोलंकी ने नशे के खिलाफ प्रदेश सरकार के सख्त रवैये को दोहराया। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। नाहन विधानसभा क्षेत्र में भी इस मुहिम को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है, जिसमें ग्रामीण स्तर पर गुप्त समितियों का गठन किया गया है।

    गांव-गांव में सतर्कता समितियां और निगरानी तंत्र सक्रिय

    नशे के खिलाफ जंग को और प्रभावी बनाने के लिए स्थानीय स्तर पर सचेतकों की नियुक्ति की गई है। साथ ही, संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों को सर्विलांस पर रखा गया है। विधायक ने कहा कि कुछ स्कूलों के आसपास नशे के कारोबार को फैलाने की कोशिशें हो रही थीं, जिन पर अब पैनी नजर रखी जा रही है। हालांकि, संवेदनशीलता को देखते हुए इन क्षेत्रों का खुलासा नहीं किया गया, लेकिन विधायक ने आश्वासन दिया कि जल्द ही ऐसे लोगों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

    24×7 मुहिम, नशे के सौदागरों को नहीं मिलेगी राहत

    विधायक अजय सोलंकी ने स्पष्ट किया कि वह सातों दिन, चौबीसों घंटे नशे के खिलाफ इस लड़ाई को जारी रखेंगे। उन्होंने इसे एक जनआंदोलन बनाने की बात कही, ताकि नाहन विधानसभा क्षेत्र को नशा मुक्त किया जा सके। उन्होंने चेतावनी दी कि नशे के कारोबार में लिप्त लोग या तो अपना धंधा छोड़ दें या फिर जेल जाने के लिए तैयार रहें।

    नशे के कारोबारियों का समर्थन करने वालों पर भी होगी कार्रवाई

    विधायक ने दो टूक कहा कि जो भी नशा तस्करों की किसी भी तरह से सहायता करेगा, उसे भी अपराधी माना जाएगा और उसी के अनुरूप कानूनी कार्रवाई होगी। पुलिस को भी इस बारे में निर्देश जारी किए गए हैं कि किसी भी व्यक्ति को, चाहे वह कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, बख्शा न जाए।

    जनता से सहयोग की अपील

    विधायक ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी को सुरक्षित भविष्य देने के लिए समाज को आगे आना होगा। यदि किसी को नशे के अवैध व्यापार से जुड़ी कोई भी सूचना मिलती है, तो वे तुरंत उन्हें या पुलिस को इसकी जानकारी दें। सभी के सहयोग से नशा मुक्त समाज की दिशा में ठोस कदम उठाए जा सकते हैं।

  • क्रिकेट / राजगढ़ में विभागीय क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ, 15 टीमें ले रही हैं भाग

    क्रिकेट / राजगढ़ में विभागीय क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ, 15 टीमें ले रही हैं भाग

    राजगढ़: नेहरू मैदान, राजगढ़ में शुक्रवार को तीन दिवसीय विभागीय क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। इस प्रतियोगिता का उद्घाटन एसडीएम राजगढ़ राजकुमार ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि किया, जबकि नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति साहनी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

    कर्मचारियों में समन्वय बढ़ाने का प्रयास

    एसडीएम राजकुमार ठाकुर ने अपराजपत्रित कर्मचारी संघ द्वारा इस आयोजन के लिए बधाई दी और इसे एक सराहनीय पहल बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से कर्मचारियों को एक-दूसरे को समझने, टीम भावना विकसित करने और विभागीय समन्वय को मजबूत करने में मदद मिलती है।

    15 विभागीय टीमें ले रही हैं भाग

    आयोजक कमेटी के अध्यक्ष अरुण शर्मा ने बताया कि यह प्रतियोगिता हिमाचल प्रदेश अपराजपत्रित कर्मचारी महासंघ, राजगढ़ इकाई द्वारा आयोजित की जा रही है। यह तीसरी विभागीय प्रतियोगिता है, जिसमें 15 विभागीय टीमें भाग ले रही हैं, जिनमें शामिल हैं—
    हायर एजुकेशन विभाग
    पुलिस विभाग
    खण्ड विकास अधिकारी टीम
    एडवोकेट इलेवन
    स्वास्थ्य विभाग
    बिजली विभाग
    राजस्व विभाग
    एलीमेंट्री एजुकेशन विभाग
    लोक निर्माण विभाग
    जल शक्ति विभाग
    कृषि विभाग
    वन विभाग
    बागवानी विभाग
    बैंक संयुक्त टीम
    नगर पंचायत व पत्रकार संघ संयुक्त टीम

    लीग फॉर्मेट में खेले जाएंगे मैच

    प्रतियोगिता लीग आधार पर खेली जा रही है, जिसमें प्रत्येक टीम को तीन मैच खेलने का अवसर मिलेगा

    पहले दिन के मुकाबले

    पहले दिन खेले गए मैचों में—
    🏏 बागवानी विभाग ने नगर पंचायत व पत्रकार संघ संयुक्त टीम को हराया।
    🏏 बिजली विभाग ने हायर एजुकेशन टीम को पराजित किया।
    🏏 राजस्व विभाग ने जल शक्ति विभाग को शिकस्त दी।

    आने वाले दिनों में और रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे, जिससे विभागीय कर्मचारियों में टीमवर्क और खेल भावना को बढ़ावा मिलेगा।

  • IND vs ENG T20 Live Streaming / भारतीय टीम अजेय बढ़त के लिए उतरेगी, जानें लाइव स्ट्रीमिंग से जुड़ी जानकारी

    IND vs ENG T20 Live Streaming / भारतीय टीम अजेय बढ़त के लिए उतरेगी, जानें लाइव स्ट्रीमिंग से जुड़ी जानकारी

    सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम
    भारतीय टीम, कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टी20 मुकाबले में अजेय बढ़त बनाने के उद्देश्य से उतरेगी। भारत ने पहले दो मैचों में जीत हासिल कर पांच मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त ले ली है। इन दोनों मुकाबलों में भारत की गेंदबाजी ने प्रभाव डाला और इंग्लैंड के बल्लेबाजों को बड़ा स्कोर बनाने से रोका।


    राजकोट में पहली बार आमने-सामने होंगे दोनों टीमें

    भारत और इंग्लैंड के बीच राजकोट में यह पहला टी20 मुकाबला होगा। भारत ने राजकोट में अब तक 5 टी20 मैच खेले हैं, जिसमें से 4 मैचों में उसे जीत मिली है और एक मैच में हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, इंग्लैंड के खिलाफ यह पहली बार होगा जब दोनों टीमें इस मैदान पर टी20 प्रारूप में मुकाबला करेंगी।


    तीसरे टी20 मैच से जुड़ी सारी जानकारी

    भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरे टी20 मैच की तारीख
    भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरा टी20 मैच 28 जनवरी, मंगलवार को खेला जाएगा।

    भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरे टी20 मैच का स्थान
    यह मैच राजकोट के निरंजन शाह स्टेडियम पर खेला जाएगा।

    भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरे टी20 मैच का समय
    मैच भारतीय समयानुसार शाम 7:00 बजे से शुरू होगा, जबकि टॉस आधे घंटे पहले यानी शाम 6:30 बजे होगा।

    भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरे टी20 मैच का प्रसारण
    भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरे टी20 मैच का प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क द्वारा किया जाएगा।

    भारत और इंग्लैंड के तीसरे टी20 मैच की लाइव स्ट्रीमिंग
    इस मैच की लाइव स्ट्रीमिंग डिज्नी हॉटस्टार एप (Disney+ Hotstar) पर उपलब्ध होगी।

  • स्मृति मंधाना ने जीता ICC महिला वनडे प्लेयर ऑफ द ईयर का खिताब, 2024 में जड़े 4 शतक

    स्मृति मंधाना ने जीता ICC महिला वनडे प्लेयर ऑफ द ईयर का खिताब, 2024 में जड़े 4 शतक

    आईसीसी ने किया अवार्ड का ऐलान: मंधाना ने 2024 में किया शानदार प्रदर्शन
    भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना को 2024 का ICC महिला वनडे प्लेयर ऑफ द ईयर चुना गया है। इस वर्ष मंधाना ने वनडे क्रिकेट में अद्वितीय प्रदर्शन किया और चार शतक लगाकर नया रिकॉर्ड स्थापित किया। उनकी इस उपलब्धि ने उन्हें न केवल राष्ट्रीय बल्कि अंतर्राष्ट्रीय मंच पर भी पहचान दिलाई।

    2024 में मंधाना का बेहतरीन प्रदर्शन

    स्मृति मंधाना ने 2024 में वनडे क्रिकेट के दौरान शानदार बल्लेबाजी की और खुद को एक शीर्ष खिलाड़ी के रूप में साबित किया। उन्होंने 13 मैचों में 747 रन बनाए, जो उनके करियर का बेहतरीन आंकड़ा था। उनके शानदार प्रदर्शन के चलते मंधाना ने इस साल वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी का खिताब भी जीता। उनकी बल्लेबाजी औसत 57.86 और स्ट्राइक रेट 95.15 रही, जो भारतीय महिला क्रिकेट के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।

    मंधाना के चार शतक: महिलाओं के क्रिकेट में नया रिकॉर्ड

    स्मृति मंधाना ने 2024 में चार शतक लगाए, जो महिलाओं के खेल में एक नया रिकॉर्ड है। उन्होंने विभिन्न अंतर्राष्ट्रीय टीमों के खिलाफ अपने शानदार प्रदर्शन से सभी को चौंका दिया। जून में साउथ अफ्रीका के खिलाफ दो शतक जड़ने के बाद, अक्टूबर में न्यूजीलैंड के खिलाफ एक और शतक ने उनकी निरंतरता को साबित किया। दिसंबर में, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पर्थ में एक चुनौतीपूर्ण शतक के साथ उन्होंने अपनी बल्लेबाजी में नया आयाम जोड़ा।

    मंधाना की सबसे यादगार पारी: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पर्थ में शतक

    मंधाना का इस वर्ष का सबसे यादगार प्रदर्शन दिसंबर में हुआ, जब उन्होंने पर्थ में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 105 रन बनाए। हालांकि भारत मैच हार गया, लेकिन मंधाना की शतकीय पारी ने ऑस्ट्रेलिया के मजबूत गेंदबाजी आक्रमण को कड़ी चुनौती दी। अपनी पारी में उन्होंने 14 चौके और 1 छक्का लगाया और 109 गेंदों पर 105 रन बनाए।

    ICC महिला चैंपियनशिप में भी शानदार प्रदर्शन

    इसके अलावा, मंधाना ने ICC महिला चैंपियनशिप में भी शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 24 मैचों में कुल 1358 रन बनाए और रन बनाने वाली सूची में शीर्ष स्थान प्राप्त किया। वह इस प्रतियोगिता में चार अंकों तक पहुंचने वाली सिर्फ पांच बल्लेबाजों में से एक हैं। उनका प्रदर्शन इस वर्ष न केवल भारत के लिए बल्कि पूरी दुनिया के महिला क्रिकेट के लिए प्रेरणादायक रहा। मंधाना ने किया भारत का गर्व बढ़ा

    स्मृति मंधाना की इस शानदार सफलता ने उन्हें महिलाओं के क्रिकेट में एक नई ऊंचाई तक पहुँचाया है। उनके अवार्ड जीतने से न केवल उनका आत्मविश्वास बढ़ा है, बल्कि भारतीय महिला क्रिकेट को भी नई दिशा मिली है। मंधाना की सफलता एक मिसाल बन गई है और उन्होंने यह साबित किया है कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम के पास विश्व स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने की पूरी क्षमता है।

  • ICC Awards 2024 / जसप्रीत बुमराह बने सर्वश्रेष्ठ टेस्ट क्रिकेटर, पहले भारतीय तेज गेंदबाज को मिला यह सम्मान

    ICC Awards 2024 / जसप्रीत बुमराह बने सर्वश्रेष्ठ टेस्ट क्रिकेटर, पहले भारतीय तेज गेंदबाज को मिला यह सम्मान

    भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को 2024 का सर्वश्रेष्ठ टेस्ट क्रिकेटर चुना गया है। बुमराह यह सम्मान पाने वाले पहले भारतीय तेज गेंदबाज बने हैं। इस उपलब्धि के साथ वह छठे भारतीय क्रिकेटर बने, जिन्हें इस पुरस्कार से नवाजा गया है।


    बुमराह ने प्रतियोगिता में अन्य नामों को पछाड़ा

    इस पुरस्कार के लिए बुमराह के अलावा जो रूट (इंग्लैंड), हैरी ब्रूक (इंग्लैंड) और कामिंदु मेंडिस (श्रीलंका) भी नामित थे। लेकिन बुमराह ने अपनी शानदार गेंदबाजी के दम पर इन सभी को पछाड़ते हुए यह खिताब जीता।

    2024 में बुमराह का शानदार प्रदर्शन

    बुमराह ने 2024 में टेस्ट क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 13 मैचों में 71 विकेट चटकाए, जो किसी भी गेंदबाज का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन था। उनकी औसत (14.92) और स्ट्राइक रेट (30.16) भी उल्लेखनीय रही। आईसीसी ने पर्थ में बुमराह के एक स्पैल को उनकी सबसे यादगार गेंदबाजी के रूप में पहचाना, जिसने भारत को 295 रन से जीत दिलाई।


    बुमराह का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन

    पिछले कैलेंडर वर्ष में, बुमराह ने अपनी गेंदबाजी से सभी को प्रभावित किया। चाहे वह दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों में तेज गेंदबाजों के लिए अनुकूल परिस्थितियाँ हों या फिर भारत में कठिन हालात, बुमराह ने सभी जगह प्रभावशाली प्रदर्शन किया। उनके लिए ऑस्ट्रेलिया में किया गया प्रदर्शन विशेष रूप से यादगार था, जहां उन्होंने अपनी गेंदबाजी से मैच का रुख बदल दिया था।

    70+ विकेट लेने वाले चौथे भारतीय गेंदबाज बने बुमराह

    बुमराह ने 71 विकेट लेकर, एक कैलेंडर वर्ष में 70 से अधिक टेस्ट विकेट लेने वाले चौथे भारतीय गेंदबाज बनने का गौरव प्राप्त किया। वह अब रविचंद्रन अश्विन, अनिल कुंबले और कपिल देव के साथ इस विशेष सूची में शामिल हो गए हैं।


    भारत के पहले तेज गेंदबाज के रूप में बुमराह का यह सम्मान

    अब तक, राहुल द्रविड़ (2004), गौतम गंभीर (2009), वीरेंद्र सहवाग (2010), रविचंद्रन अश्विन (2016), और विराट कोहली (2018) भी यह सम्मान प्राप्त कर चुके हैं, लेकिन जसप्रीत बुमराह पहले तेज गेंदबाज हैं, जिन्हें यह खिताब दिया गया है।


    ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान बुमराह को लगी थी चोट

    बुमराह ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के पांचवें टेस्ट में पीठ की समस्या के कारण मुकाबला छोड़ दिया था। इस चोट के कारण, वह इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज और वनडे सीरीज के शुरुआती मैचों से भी बाहर हो गए थे। हालांकि, चैंपियंस ट्रॉफी के लिए उन्हें 15 सदस्यीय भारतीय टीम में शामिल किया गया है, लेकिन उनका खेलना पूरी तरह से उनकी फिटनेस पर निर्भर करेगा।


    जसप्रीत बुमराह का 2024 का सर्वश्रेष्ठ टेस्ट क्रिकेटर बनने का सफर भारतीय क्रिकेट के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ता है। उनकी निरंतर मेहनत, तकनीकी कौशल और नेतृत्व क्षमता ने उन्हें यह सम्मान दिलाया, और भारतीय क्रिकेट को गर्वित किया। बुमराह अब भविष्य में और भी महान उपलब्धियाँ हासिल करने के लिए तैयार हैं।