सीर उत्सव-2026 स्मारिका के लिए मौलिक रचनाएं आमंत्रित, 20 सितंबर अंतिम तिथि
घुमारवीं में 2 और 3 अक्तूबर 2026 को होने वाले सीर उत्सव-2026 की स्मारिका के लिए जिला बिलासपुर के लेखकों, कवियों और साहित्यकारों से मौलिक लेख एवं कविताएं आमंत्रित की गई हैं। रचनाओं का विषय “जल के शाश्वत स्रोत एवं प्रकृति संरक्षण” निर्धारित किया गया है। इच्छुक साहित्यकार हिंदी या कहलूरी भाषा में टाइप की गई अपनी रचनाएं 20 सितंबर 2026 तक भेज सकते हैं।
घुमारवीं
उपमंडलाधिकारी नागरिक घुमारवीं अभिषेक बरवाल ने बताया कि सीर उत्सव क्षेत्र की लोक संस्कृति, परंपराओं, साहित्य और सामाजिक सरोकारों को प्रोत्साहित करने वाला महत्वपूर्ण आयोजन है। उत्सव के अवसर पर प्रकाशित होने वाली स्मारिका स्थानीय लेखकों और साहित्यकारों को अपनी रचनात्मक प्रतिभा व्यापक स्तर पर प्रस्तुत करने का अवसर देगी। उन्होंने जिला बिलासपुर के साहित्यकारों से इस पहल में अधिक संख्या में भाग लेने का आग्रह किया है।
समिति करेगी रचनाओं का चयन
स्मारिका के लिए मिलने वाले लेखों और कविताओं का चयन गठित समिति करेगी। समिति की ओर से चयनित रचनाओं को सीर उत्सव-2026 की स्मारिका में प्रकाशित किया जाएगा। आयोजन से जुड़ी इस पहल का उद्देश्य जिले की साहित्यिक और सांस्कृतिक विरासत को मंच देने के साथ जल स्रोतों के संरक्षण तथा पर्यावरण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना है। साहित्यकार निर्धारित विषय से जुड़ी केवल अपनी मौलिक रचनाएं ही भेज सकेंगे।
अभिषेक बरवाल ने कहा कि प्राकृतिक जल स्रोत जीवन-व्यवस्था का आधार होने के साथ हिमाचल की सांस्कृतिक और सामाजिक पहचान का भी महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। बदलती पर्यावरणीय परिस्थितियों और जल स्रोतों पर बढ़ते दबाव के बीच इनके संरक्षण के प्रति जागरूकता पैदा करना आवश्यक है। उन्होंने साहित्यकारों से जल संरक्षण, पारंपरिक जल स्रोतों के महत्व, पर्यावरण संरक्षण और भावी पीढ़ियों के लिए प्राकृतिक संसाधनों को सुरक्षित रखने जैसे विषयों पर रचनाएं भेजने का आह्वान किया।
यहां भेज सकते हैं मौलिक रचनाएं
रचनाएं भेजने और अन्य जानकारी के लिए डॉ. राजेश कुमार से मोबाइल नंबर 9418376502 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त कार्यालय उपमंडलाधिकारी नागरिक घुमारवीं के दूरभाष नंबर 01978-255227 या ई-मेल sdmghu-bil-hp@nic.in के माध्यम से भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है। सभी रचनाएं टाइप किए हुए प्रारूप में निर्धारित अंतिम तिथि 20 सितंबर 2026 तक उपलब्ध करवानी होंगी।