सेन की सेर मोड़ पर दो कारों की भिड़ंत, बड़ा हादसा टला
Himachalnow / नाहन
नाहन-शिमला मार्ग पर सेन की सेर मोड़ के पास शुक्रवार शाम दो कारों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में ऑल्टो कार चालक को नींद की झपकी आने से वाहन अनियंत्रित होकर सामने से आ रही स्विफ्ट कार से टकरा गया। इस दुर्घटना में दोनों वाहनों को भारी नुकसान हुआ, हालांकि सभी सवार लोग सुरक्षित बच गए।
नाहन
नाहन-शिमला मार्ग पर शुक्रवार शाम सेन की सेर मोड़ के पास दो कारों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, लेकिन राहत की बात यह रही कि दोनों गाड़ियों में सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए।प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्घटना शाम करीब 4:30 बजे नेशनल हाईवे (907ए) पर हुई। बताया जा रहा है कि शिमला के रामपुर बुशहर से हरिद्वार की ओर जा रही ऑल्टो कार नंबर एचपी (06 ए 6400) का चालक अचानक नींद की झपकी आने के कारण वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। इसी दौरान अनियंत्रित हुई ऑल्टो सामने से सराहां की ओर जा रही स्विफ्ट कार नंबर एचपी (18 सी 0421) से जा भिड़ी।
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों कारों को काफी नुकसान पहुंचा। सड़क पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास के लोग भी मौके पर एकत्र हो गए। हालांकि गनीमत यह रही कि हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ और दोनों वाहनों में सवार लोग सुरक्षित रहे।दुर्घटना की सूचना मिलते ही नाहन थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने वाहनों की स्थिति, टक्कर के एंगल और अन्य परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह चालक को आई नींद की झपकी मानी जा रही है, लेकिन दुर्घटना के सही कारणों का पता पुलिस जांच के बाद ही चल पाएगा। पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई कर रही है।