Loading...

शिरगुल देवता वैशाखी मेले में स्थानीय प्रतिभाओं को मिलेगा मंच, 6 अप्रैल को ऑडिशन

PRIYANKA THAKUR • 3 Apr 2026 • 1 Min Read

राजगढ़ में आयोजित होने वाले शिरगुल देवता वैशाखी मेले में इस बार स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने की तैयारी की गई है। प्रशासन द्वारा 6 अप्रैल को ऑडिशन आयोजित कर कलाकारों को अवसर प्रदान किया जाएगा।

राजगढ़

जिला स्तरीय श्री शिरगुल देवता वैशाखी मेला राजगढ़ इस वर्ष 14 से 16 अप्रैल तक श्रद्धा, संस्कृति और लोक रंगों के बीच आयोजित होगा। मेले को भव्य और आकर्षक बनाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। खास बात यह है कि इस बार मेले की सांस्कृतिक संध्याओं में स्थानीय प्रतिभाओं को भी अपनी कला दिखाने का सुनहरा अवसर मिलेगा। इसके लिए 6 अप्रैल को अंबेडकर भवन, राजगढ़ में कलाकारों के ऑडिशन आयोजित किए जाएंगे।मेले के सफल आयोजन को लेकर वीरवार को सांस्कृतिक समिति की बैठक मेला कमेटी के अध्यक्ष एवं एसडीएम राजकुमार ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में मेले के दौरान होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों, कलाकारों की भागीदारी और व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

एसडीएम राजकुमार ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि मेले में प्रस्तुति देने के इच्छुक नए और उभरते कलाकार 6 अप्रैल को अंबेडकर भवन पहुंचकर ऑडिशन दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि पहले से स्थापित कलाकारों को ऑडिशन देने की आवश्यकता नहीं होगी।उन्होंने कहा कि मेले का उद्देश्य केवल धार्मिक और पारंपरिक आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि स्थानीय कला, संस्कृति और लोक प्रतिभाओं को मंच देना भी है। ऐसे आयोजनों से क्षेत्र के युवा कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है और लोक संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में भी मदद मिलती है।

प्रशासन का प्रयास है कि इस बार भी शिरगुल देवता वैशाखी मेला धार्मिक आस्था के साथ-साथ सांस्कृतिक रंगत के लिए भी यादगार बने। स्थानीय कलाकारों की भागीदारी से मेले की सांस्कृतिक संध्याएं और अधिक जीवंत और आकर्षक होने की उम्मीद जताई जा रही है।