Loading...

हर माह 100 रुपये जोड़ रही मदद की नई उम्मीद, शिरगुल जन सेवा समिति बनी जरूरतमंदों का सहारा

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन2 • 7 Hours Ago • 1 Min Read

राजगढ़ क्षेत्र में शिरगुल जन सेवा समिति हर माह 100 रुपये के सहयोग से जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचा रही है। समिति कैंसर मरीजों, आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों और बेसहारा पशुओं के लिए लगातार जनकल्याण कार्य कर रही है। स्थानीय लोगों के सहयोग से इस मुहिम का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है।

राजगढ़

राजगढ़ क्षेत्र में शिरगुल जन सेवा समिति जनकल्याण के उद्देश्य से सराहनीय कार्य कर रही है। समिति द्वारा प्रति माह 100 रुपये का अंशदान एकत्रित कर जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाई जा रही है। समिति का कहना है कि शिरगुल महाराज के आशीर्वाद से किया गया यह छोटा सहयोग किसी जरूरतमंद के लिए बड़ा सहारा बन सकता है।समिति द्वारा एकत्रित स्वैच्छिक सहयोग को पूरी पारदर्शिता के साथ सीधे जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। इसी कड़ी में समिति ने राजगढ़ बाजार में सहयोग अभियान चलाकर स्थानीय दुकानदारों और नागरिकों से इस मुहिम से जुड़ने का आह्वान किया।

समिति के फाउंडर रविंद्र कंवर ने बताया कि वर्तमान में करीब 300 लोग समिति से जुड़े हुए हैं, जो नियमित रूप से मासिक 100 रुपये का सहयोग दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस सहयोग राशि से बेसहारा एवं बीमार लोगों की सहायता के साथ-साथ बेसहारा पशुओं के उत्थान के लिए भी कार्य किया जा रहा है।उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि कैंसर व अन्य गंभीर बीमारियों से जूझ रहे जरूरतमंद लोगों को हर माह 2000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। इसके अलावा आपदा में घर खो चुके तथा आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को भी समिति द्वारा सहयोग प्रदान किया गया है।

रविंद्र कंवर ने कहा कि समिति का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ना है, ताकि सहायता का दायरा और बढ़ाया जा सके। उन्होंने बताया कि राजगढ़ बाजार में पहले चरण के दौरान कई लोग इस मुहिम से जुड़े हैं तथा अगले चरण में अन्य दुकानदारों से भी संपर्क किया जाएगा।उन्होंने क्षेत्रवासियों से इस पुण्य कार्य में सहभागी बनने की अपील की।

Related Topics: