धर्मशाला के एसआईएचएम संस्थान में होटल मैनेजमेंट डिग्री और डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू
राजकीय स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट खनियारा धर्मशाला में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न डिग्री और डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया आरम्भ कर दी गई है। संस्थान प्रबंधन के अनुसार होटल मैनेजमेंट और आतिथ्य शिक्षा से जुड़े पाठ्यक्रमों के लिए अभ्यर्थी निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर सकते हैं।
धर्मशाला
शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू
राजकीय स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट (एसआईएचएम) खनियारा धर्मशाला में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न डिग्री एवं डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया आरम्भ हो गई है। संस्थान के प्राचार्य एवं उपनिदेशक पर्यटन विभाग धर्मशाला ज़ोन विनय धीमान ने जानकारी देते हुए बताया कि यह संस्थान आतिथ्य एवं होटल प्रबंधन शिक्षा के क्षेत्र में एक सरकारी संस्थान है, जिसे भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय तथा हिमाचल प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग द्वारा संयुक्त रूप से प्रायोजित किया जाता है। संस्थान नेशनल काउंसिल फॉर होटल मैनेजमेंट एंड कैटरिंग टेक्नोलॉजी (एनसीएचएमसीटी) पर्यटन मंत्रालय, भारत सरकार से संबद्ध है।
व्यावसायिक शिक्षा और आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध
वर्ष 2012 में स्थापना के बाद संस्थान पिछले 14 वर्षों से होटल प्रबंधन एवं कलिनरी आर्ट्स के क्षेत्र में व्यावसायिक शिक्षा प्रदान कर रहा है। संस्थान में विद्यार्थियों को व्यवहारिक प्रशिक्षण और कौशल विकास आधारित शिक्षा उपलब्ध करवाई जाती है, ताकि उन्हें होटल एवं आतिथ्य उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार किया जा सके। परिसर में आधुनिक प्रशिक्षण रसोईघर, बेकरी एवं कन्फेक्शनरी लैब, फ्रंट ऑफिस तथा हाउसकीपिंग प्रयोगशालाएं स्थापित की गई हैं। इसके अलावा आतिथ्य उद्योग के मानकों के अनुरूप उन्नत प्रशिक्षण उपकरण भी उपलब्ध हैं, जिनके माध्यम से विद्यार्थियों को व्यवहारिक अनुभव प्रदान किया जाता है।
निजी संस्थानों की तुलना में कम शुल्क पर पाठ्यक्रम
संस्थान प्रबंधन के अनुसार विद्यार्थियों को निजी संस्थानों की तुलना में लगभग 40 प्रतिशत कम शुल्क पर यह पाठ्यक्रम करवाए जा रहे हैं। संस्थान भारत सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त है तथा यहां से प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके विद्यार्थी वर्तमान में सरकारी और प्रतिष्ठित निजी क्षेत्रों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इनमें 5 स्टार होटल, एयरलाइंस, क्रूज़ लाइनर्स, राज्य पर्यटन विकास निगम तथा इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (आईआरसीटीसी) सहित विभिन्न संस्थान शामिल हैं। इसके अतिरिक्त कई बहुराष्ट्रीय हॉस्पिटैलिटी एवं कॉर्पोरेट सेक्टर में भी संस्थान के विद्यार्थी कार्यरत हैं।
देश और विदेश में प्लेसमेंट के अवसर
संस्थान द्वारा विद्यार्थियों को भारत एवं विदेशों के प्रतिष्ठित 5 स्टार होटलों में इंटर्नशिप और प्लेसमेंट के अवसर उपलब्ध करवाए जाते हैं। संस्थान से प्रशिक्षण प्राप्त विद्यार्थी मैरियट, हयात, नोवोटेल, सेंट रेजिस, रैफल्स, फेयरमोंट, ताज, ओबेरॉय और आईटीसी जैसे होटल ब्रांड्स में कार्यरत हैं। इसके अतिरिक्त कई विद्यार्थी यूएई, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया तथा विभिन्न यूरोपीय देशों में भी सेवाएं दे रहे हैं। संस्थान प्रबंधन का कहना है कि होटल और पर्यटन उद्योग में रोजगार की संभावनाओं को देखते हुए प्रशिक्षण आधारित शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
प्रवेश के लिए आयु सीमा निर्धारित नहीं
पर्यटन एवं होटल उद्योग में करियर बनाने के इच्छुक बारहवीं उत्तीर्ण अभ्यर्थी काउंसलिंग एवं प्रवेश संबंधी जानकारी के लिए संस्थान परिसर खनियारा धर्मशाला में संपर्क कर सकते हैं। संस्थान द्वारा संचालित किसी भी पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए आयु सीमा निर्धारित नहीं की गई है। अधिक जानकारी एवं सहायता के लिए अभ्यर्थी एडमिशन सेल एसआईएचएम धर्मशाला के दूरभाष नंबर 8091151648, 8146860880 तथा 7986319121 पर संपर्क कर सकते हैं।
