Loading...

सिरमौर में राहत, केवल 14 सड़कें बंद; बिजली व्यवस्था पूरी तरह सामान्य

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

सिरमौर में राहत, केवल 14 सड़कें बंद; बिजली व्यवस्था पूरी तरह सामान्य , नाहन की 9 पेयजल योजनाएं प्रभावित, पिछले 24 घंटों में पांवटा साहिब में सर्वाधिक 4.2 मिमी वर्षा दर्ज

नाहन

जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) सिरमौर की ओर से मंगलवार दोपहर 3:20 बजे जारी सड़क एवं उपयोगिता स्थिति रिपोर्ट के अनुसार जिले में मौसम की स्थिति पहले की तुलना में सामान्य बनी हुई है। वर्तमान में जिले में कुल 14 सड़कें बंद हैं, जबकि राष्ट्रीय राजमार्गों पर यातायात पूरी तरह सुचारू है।

रिपोर्ट के अनुसार बंद सड़कों में संगड़ाह में 5, राजगढ़ में 4, पांवटा साहिब में 2, शिलाई में 2 तथा नाहन में 1 सड़क शामिल है। लोक निर्माण विभाग संबंधित मार्गों को जल्द बहाल करने में जुटा हुआ है।

जल शक्ति विभाग की रिपोर्ट के अनुसार नाहन मंडल की 9 पेयजल योजनाएं प्रभावित हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड (एचपीएसईबीएल) का कोई भी विद्युत वितरण ट्रांसफार्मर (डीटीआर) प्रभावित नहीं है और जिले में बिजली आपूर्ति सामान्य बनी हुई है।

पिछले 24 घंटों के दौरान जिले में हल्की बारिश दर्ज की गई। पांवटा साहिब में 4.2 मिमी, संगड़ाह में 3 मिमी तथा ददाहू में 2 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई, जबकि नाहन, राजगढ़, शिलाई और नोहराधार में वर्षा दर्ज नहीं हुई।

जिला प्रशासन ने लोगों से मौसम को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बरतने तथा यात्रा से पहले संबंधित मार्गों की स्थिति की जानकारी लेने की अपील की है।

Related Topics: