Loading...

सिरमौर में कुछ घंटों के अंतराल पर भाई-बहन की हार्ट अटैक से मौत

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 2 Hours Ago • 1 Min Read

सिरमौर जिले के भारापुर गांव में 70 वर्षीय दिलीप सिंह की हार्ट अटैक से मौत के कुछ ही घंटों बाद उनकी 53 वर्षीय बहन कमलेश देवी की भी हार्ट अटैक से जान चली गई। भाई की मौत की सूचना मिलने पर कमलेश देवी मायके पहुंची थीं। एक ही परिवार में कुछ घंटों के अंतराल पर हुई दो मौतों से गांव में शोक का माहौल है।

नाहन

जानकारी के अनुसार, भारापुर निवासी दिलीप सिंह को भैया दूज के तीसरे दिन एक शादी समारोह के दौरान हार्ट अटैक आया था। परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दिलीप सिंह पूर्व बीडीसी सदस्य टेकचंद कश्यप के पिता थे। उनकी मौत की सूचना मिलने के बाद परिवार के सदस्य और रिश्तेदार घर पहुंचने लगे थे।

भाई की मौत की खबर सुनकर कमलेश देवी भी अपने मायके पहुंचीं। मृत भाई का चेहरा देखने के दौरान वह भावुक हो गईं और इसी बीच उनके सीने में तेज दर्द उठा। परिजन उन्हें तत्काल स्थानीय निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। बताया गया है कि कमलेश देवी के हृदय में पहले भी स्टेंट डाला गया था।

तीन दिन पहले मनाई थी भैया दूज

परिजनों के अनुसार, भाई-बहन के बीच गहरा स्नेह था। कमलेश देवी तीन दिन पहले ही भैया दूज मनाने मायके आई थीं और उन्होंने दिलीप सिंह को तिलक लगाया था। इसके बाद कुछ ही दिनों में परिवार को दोनों की मौत का सामना करना पड़ा। घटना से परिवार के साथ ही भारापुर गांव के लोग भी स्तब्ध हैं।

दिलीप सिंह का अंतिम संस्कार शनिवार, 14 नवंबर की शाम को किया गया, जबकि कमलेश देवी का अंतिम संस्कार रविवार, 15 नवंबर को दोपहर में हुआ। दोनों भाई-बहन का अंतिम संस्कार गांव के एक ही श्मशान घाट में किया गया। ग्राम पंचायत भारापुर के प्रधान मलकीत चौधरी ने घटना की पुष्टि की। ग्रामीणों ने दोनों को अंतिम विदाई दी।

Related Topics: •