Loading...

भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष अमन शर्मा बने पंजाब की साहनेवाल सीट के प्रभारी

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 26 Mins Ago • 1 Min Read

भारतीय जनता युवा मोर्चा के ऊना जिला उपाध्यक्ष अमन शर्मा को पार्टी नेतृत्व ने पंजाब की साहनेवाल विधानसभा सीट का प्रभारी नियुक्त किया है। नई जिम्मेदारी के तहत वह विधानसभा क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने, स्थानीय कार्यकर्ताओं से समन्वय स्थापित करने और पार्टी की नीतियों को लोगों तक पहुंचाने का काम करेंगे। उनकी नियुक्ति के बाद ऊना जिले और कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र से जुड़े युवा कार्यकर्ताओं में उत्साह है।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

अमन शर्मा ने अपने राजनीतिक और सामाजिक सफर की शुरुआत अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से की थी। विद्यार्थी परिषद में उन्होंने इकाई सचिव और इकाई अध्यक्ष सहित विभिन्न जिम्मेदारियां संभालीं। इसके बाद उन्होंने एबीवीपी के पूर्णकालिक कार्यकर्ता के रूप में भी सेवाएं दीं और संगठन की गतिविधियों को आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाई। इस दौरान उन्हें कार्यकर्ताओं के साथ जमीनी स्तर पर काम करने और संगठनात्मक गतिविधियों के संचालन का अनुभव मिला।

विद्यार्थी परिषद के अलावा अमन शर्मा ने विश्व हिंदू परिषद और स्वदेशी जागरण मंच में भी विभिन्न जिम्मेदारियां निभाईं। इन संगठनों के माध्यम से उन्होंने संगठन विस्तार, कार्यकर्ता निर्माण और सामाजिक गतिविधियों में योगदान दिया। वर्तमान में वह भारतीय जनता युवा मोर्चा के ऊना जिला उपाध्यक्ष हैं। पार्टी नेतृत्व ने उनकी सक्रियता, कार्यशैली और संगठनात्मक अनुभव को देखते हुए उन्हें साहनेवाल विधानसभा सीट की जिम्मेदारी सौंपी है।

संगठन और कार्यकर्ता समन्वय पर रहेगा जोर

नई भूमिका में अमन शर्मा साहनेवाल विधानसभा क्षेत्र में स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाकर संगठनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाएंगे। उन्हें पार्टी की नीतियों और विचारधारा को लोगों तक पहुंचाने का दायित्व भी दिया गया है। उनकी नियुक्ति को युवा नेतृत्व को जिम्मेदारी देने के पार्टी के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। इस निर्णय पर कुटलैहड़ क्षेत्र और संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं ने प्रसन्नता जताई है।

Related Topics: •