Loading...

1100 रुपये दक्षिणा तय करने पर गिरिपार भाट ब्राह्मण समिति ने जताई आपत्ति

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 15 Mins Ago • 1 Min Read

गिरिपार भाट ब्राह्मण कल्याण समिति ने ट्रांसगिरी क्षेत्र में ब्राह्मण समाज के लिए 1100 रुपये दक्षिणा निर्धारित किए जाने का विरोध किया है। समिति का कहना है कि दक्षिणा कोई तय शुल्क नहीं, बल्कि यजमान की श्रद्धा, आस्था और आर्थिक सामर्थ्य से जुड़ा विषय है। इसलिए किसी अन्य वर्ग या संगठन की ओर से इसकी राशि अनिवार्य रूप से निर्धारित करना उचित नहीं है।

राजगढ़

समिति के अध्यक्ष अरुण देव वशिष्ठ ने कहा कि ब्राह्मण समाज को 1100 रुपये की राशि से व्यक्तिगत आपत्ति नहीं है। विरोध इस बात का है कि दक्षिणा को एक निश्चित रकम के रूप में लागू करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज लंबे समय से पूजा-पाठ, कर्मकांड, विवाह संस्कार, हवन और अन्य धार्मिक अनुष्ठान यजमानों की श्रद्धा एवं आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए संपन्न करवाता आया है।

वशिष्ठ के अनुसार, पुराने समय में आठ आने या एक रुपये जैसी छोटी राशि में भी ब्राह्मण धार्मिक संस्कार करवाते थे। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज ने दक्षिणा को प्राथमिकता देने के बजाय धार्मिक परंपराओं और सामाजिक व्यवस्था को आगे बढ़ाने में भूमिका निभाई है। यजमान अपनी क्षमता के अनुसार श्रद्धापूर्वक जितनी दक्षिणा देता है, उसे स्वीकार किया जाता है। समिति ने ट्रांसगिरी क्षेत्र में 1100 रुपये दक्षिणा निर्धारित करने के निर्णय को स्वीकार नहीं करने की बात कही है।

सोमवार को मां बगायणी मंदिर, रहीपुरधार के परिसर में समिति की विशेष बैठक और प्रेसवार्ता आयोजित की गई। इसमें कार्यकारिणी के पदाधिकारियों और सदस्यों ने संगठन को मजबूत करने, समाज की समस्याओं को सामूहिक रूप से उठाने तथा भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा की। बैठक में न्यायालय में चल रही कार्यवाही से संबंधित कानूनी प्रक्रियाओं और महत्वपूर्ण पहलुओं के बारे में समाज के लोगों को जागरूक करने की आवश्यकता भी रखी गई।

बैठक के दौरान ब्राह्मण समाज की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर भी विचार किया गया। समिति ने वेद पाठन, कर्मकांड और पारंपरिक धार्मिक विधियों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने पर जोर दिया। वशिष्ठ ने समाज के लोगों से संगठन के साथ जुड़कर सामाजिक हितों के लिए सामूहिक रूप से काम करने का आह्वान किया। समिति ने दोहराया कि दक्षिणा की राशि यजमान की इच्छा और सामर्थ्य पर छोड़ना ही धार्मिक परंपराओं के अनुरूप है।