राजगढ़ में गैस संकट गहराया, घंटों लाइन में लगने के बाद भी नहीं मिल रहे सिलेंडर
राजगढ़ क्षेत्र में गैस सिलेंडर आपूर्ति प्रभावित होने से उपभोक्ताओं को वितरण केंद्रों पर इंतजार करना पड़ रहा है। क्षेत्र की 47 पंचायतों के लिए सीमित स्टाफ और अपेक्षाकृत कम आपूर्ति को समस्या का कारण बताया जा रहा है। उपभोक्ताओं ने गैस आपूर्ति बढ़ाने और वितरण व्यवस्था में सुधार की मांग की है।
राजगढ़
राजगढ़ क्षेत्र में इंडेन गैस एजेंसी की अव्यवस्थित कार्यप्रणाली के कारण उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दूर-दराज गांवों से आने वाले लोग घंटों लाइन में खड़े रहने के बावजूद बिना गैस सिलेंडर लिए लौटने को मजबूर हैं।उपभोक्ताओं का आरोप है कि एजेंसी की ओर से यह स्पष्ट नहीं किया जाता कि कितने सिलेंडर उपलब्ध हैं और वितरण किस आधार पर किया जा रहा है। कई बार घंटों इंतजार के बाद लोगों को यह कहकर वापस भेज दिया जाता है कि सिलेंडर समाप्त हो चुके हैं। फोन करने पर भी कार्यालय से संतोषजनक जानकारी नहीं मिलती।
जानकारी के अनुसार राजगढ़ गैस एजेंसी के अंतर्गत 47 पंचायतें आती हैं, जबकि पूरे कार्यालय में केवल दो कर्मचारी कार्यरत हैं। कर्मचारियों का कहना है कि इतने बड़े क्षेत्र की मांग को संभालना मुश्किल हो गया है। एजेंसी की मासिक आवश्यकता 22 से 24 लोड की है, जबकि वर्तमान में लगभग आधी ही सप्लाई मिल रही है। एक वाहन में करीब 342 सिलेंडर आते हैं, जो क्षेत्र की जरूरत के मुकाबले पर्याप्त नहीं हैं।एरिया मैनेजर नरेश नड्डा ने बताया कि गैस सप्लाई प्रभावित होने और स्टाफ की कमी के कारण यह समस्या बनी हुई है। उन्होंने कहा कि अतिरिक्त कर्मचारी उपलब्ध करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं तथा स्थिति में जल्द सुधार लाने का प्रयास होगा।उधर क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और इंडियन ऑयल प्रबंधन से गैस आपूर्ति बढ़ाने, अतिरिक्त स्टाफ तैनात करने और वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाने की मांग की है।