सिरमौर के जंगल में मिली महिला की जली लाश, खौफनाक वारदात से दहला इलाका
सिरमौर जिले के पांवटा साहिब उपमंडल के कोलर क्षेत्र में जंगल से एक महिला का जला हुआ शव बरामद किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और शव की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों सहित अन्य राज्यों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पांवटा साहिब
पांवटा साहिब उपमंडल के कोलर क्षेत्र में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब करौंदेवाली घाटी के जंगल में एक महिला की जली हुई लाश बरामद हुई। शव की हालत इतनी भयावह थी कि पुलिस भी शुरुआती जांच में महिला की पहचान तक नहीं कर पाई। इस खौफनाक वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।जानकारी के अनुसार किसी स्थानीय व्यक्ति ने जंगल में आग जलने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही माजरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जब पुलिस ने घटनास्थल की जांच की तो वहां एक महिला का बुरी तरह जला हुआ शव मिला। पुलिस के मुताबिक शव करीब 95 प्रतिशत तक जल चुका है, जिसके चलते यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मृतका शादीशुदा महिला थी, युवती या नाबालिग लड़की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी पांवटा साहिब मानवेंद्र ठाकुर और माजरा थाना प्रभारी कुलदीप सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी है। वहीं फोरेंसिक जांच के लिए जुन्गा शिमला से टीम को भी मौके पर बुलाया गया है।पुलिस की प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या कहीं और करने के बाद शव को जंगल में लाकर जलाया गया हो सकता है। हालांकि यह भी जांच का विषय है कि हत्या घटनास्थल पर ही हुई या शव को यहां लाकर आग लगाई गई।
पुलिस ने आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जानकारी खंगाली, लेकिन अभी तक किसी लापता महिला का सुराग नहीं मिल पाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अन्य राज्यों की पुलिस को भी अलर्ट भेजा गया है। जांच एजेंसियां इस संभावना पर भी काम कर रही हैं कि किसी बाहरी राज्य के व्यक्ति ने वारदात को अंजाम दिया हो।जंगल में महिला की जली लाश मिलने की खबर फैलते ही क्षेत्र में भय और चर्चाओं का माहौल बन गया। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है और फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।